देशभक्ति गीत पर नाचते वक्त 73 वर्षीय व्यक्ति को दिल का दौरा पड़ा, मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 31 May 2024 09:39 PM
देशभक्ति गीत पर नाचते वक्त 73 वर्षीय व्यक्ति को दिल का दौरा पड़ा, मौत
ऑडियो सुनें

इंदौर. इंदौर में एक योग शिविर के दौरान सेना जैसी वर्दी में देशभक्ति गीत पर नाचते वक्त कथित तौर पर दिल का दौरा पड़ने से 73 वर्षीय व्यक्ति की शुक्रवार को मौत हो गई. योग शिविर के आयोजक ने यह जानकारी दी. शहर के फूटी कोठी क्षेत्र में योग शिविर के आयोजन से जुड़े राजकुमार जैन ने बताया कि बलवीर सिंह छाबड़ा (73) अपने समूह के लोगों के साथ विशेष प्रस्तुति के लिए इस शिविर में आए थे और सेना जैसी वर्दी पहनकर ”मां तुझे सलाम” शीर्षक के फिल्मी गीत पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा हाथ में लेकर नृत्य कर रहे थे.

उन्होंने बताया,”नाचते-नाचते छाबड़ा अचानक जमीन पर बेसुध होकर गिर पड़े. शुरुआत में हमें लगा कि वह दुश्मन की गोली लगने से शहीद होने का अभिनय कर रहे हैं, लेकिन जब वह एक मिनट तक नहीं उठे, तो हमें संदेह हुआ. हमने उन्हें ‘सीपीआर’ दिया, तो वह उठकर कुर्सी पर बैठ गए और हमसे पूछने लगे कि उन्हें अचानक क्या हो गया था?” जैन के मुताबिक कथित तौर पर दिल के दौरे के बाद छाबड़ा को तुरंत नजदीक के अरिहंत असपताल ले जाया गया जहां ईसीजी और अन्य जांचों के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.

निजी अस्पताल के एक अधिकारी ने जैन की इस बात की पुष्टि की. छाबड़ा के बेटे जगजीत सिंह ने बताया कि शहर में ”वीरजी छाबड़ा” के नाम से मशहूर उनके पिता पिछले 25 साल से ”मॉर्निंग वॉकर्स क्लब” चला रहे थे और सामाजिक गतिविधियों में काफी सक्रिय रहते थे.

जगजीत ने बताया,”मेरे पिता ने अपनी युवावस्था में सेना में भर्ती के लिए आवेदन किया था, लेकिन उनका चयन नहीं हो सका था. वह देशभक्ति के गीतों पर पिछले कई बरसों से नृत्य प्रस्तुति दे रहे थे.” उन्होंने बताया कि उनके परिवार ने उनके दिवंगत पिता की आंखें और त्वचा दान कर दी हैं. देशभक्ति गीत पर नृत्य प्रस्तुति के दौरान छाबड़ा को कथित तौर पर दिल का दौरा पड़ने की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu