
हैदराबाद. तेलंगाना के मुलुगु जिले के एक वन क्षेत्र में सोमवार को प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के एक सदस्य द्वारा कथित तौर पर लगाए गए आईईडी के फटने से 55 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि जिले के वजीदु मंडल के कोंगल गांव के पास व्यक्ति का पैर आईईडी पर पड़ गया और उसमें विस्फोट होने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि विस्फोट तब हुआ, जब ग्रामीण, उसका बेटा और तीन अन्य लोग पास के जंगल में लकड़ी इकट्ठा करने के लिए जा रहे थे. पुलिस के मुताबिक, माओवादी लोगों के आने जाने के रास्ते पर अक्सर आईईडी लगा रहे हैं, ताकि अपनी उपस्थिति का एहसास करा सकें. पुलिस ने बताया कि 30 मई को इसी तरह के विस्फोट में एक अन्य ग्रामीण के पालतू कुत्ते की मौत हो गई थी. पुलिस ने बताया कि दोनों घटनाओं के संबंध में वजीदु थाना में अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं.



