राष्ट्रीय महिला आयोग ने ‘अभद्र’ टिप्पणी के लिए महुआ मोइत्रा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 05 Jul 2024 09:14 PM
राष्ट्रीय महिला आयोग ने ‘अभद्र’ टिप्पणी के लिए महुआ मोइत्रा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने शुक्रवार को कहा कि उसने आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा के विरुद्ध टिप्पणी करने के लिए तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की लोकसभा सदस्य महुआ मोइत्रा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की है. ‘एक्स’ पर पोस्ट किये गये एक वीडियो पर टीएमसी सांसद के टिप्पणी करने के एक दिन बाद आयोग ने यह रुख अपनाया है. इस वीडियो में उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुई भगदड़ के स्थल पर एनसीडब्ल्यू अध्यक्ष के पहुंचने को दिखाया गया था जिस पर टिप्पणी करते हुए महुआ मोइत्रा ने लिखा, ”वह (रेखा शर्मा) अपने बॉस का पजामा संभालने में बहुत व्यस्त हैं.”

एनसीडब्ल्यू ने एक बयान में कहा कि दिल्ली पुलिस में एक औपचारिक शिकायत दर्ज की गई है और संसद में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को एक पत्र भेजा गया है जिसमें कहा गया है कि मोइत्रा की टिप्पणी निंदनीय है और एक सांसद होने के नाते यह उनके पद की गरिमा के अनुरूप नहीं है.

इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मोइत्रा ने एनसीडब्ल्यू पर कटाक्ष किया और ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”दिल्ली पुलिस आए, कृपया इन स्वत: संज्ञान आदेशों पर तुरंत कार्रवाई करें. अगर आपको अगले तीन दिनों में त्वरित गिरफ्तारी करने के लिए मेरी आवश्यकता हो तो मैं नदिया में हूं.” एनसीडब्ल्यू ने बिरला को लिखे पत्र में अनुरोध किया कि लोकसभा अध्यक्ष इस मामले की जांच कराकर मोइत्रा के खिलाफ उचित कार्रवाई करें. एनसीडब्ल्यू ने कहा कि यह ‘अभद्र’ टिप्पणी न केवल अपमानजनक है, बल्कि यह गरिमा के साथ रहने के एक महिला के अधिकार का उल्लंघन है.

दिल्ली पुलिस को दिये गये आदेश में एनसीडब्ल्यू ने कहा कि गहन विचार-विमर्श के बाद पाया गया कि यह टिप्पणी भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 79 के अंतर्गत आती है.” एनसीडब्ल्यू ने कहा कि वह अपमानजनक टिप्पणियों की कड़ी निंदा करता है और मोइत्रा के खिलाफ सख्त कार्रवाई चाहता है. एनसीडब्ल्यू ने लिखा, ”मोइत्रा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जानी चाहिए और तीन दिन के भीतर आयोग को एक विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट से अवगत कराया जाना चाहिए.”

एनसीडब्ल्यू प्रमुख के बारे में टिप्पणी के लिए भाजपा ने साधा तृणमूल सांसद महुआ मोइत्रा पर निशाना

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की प्रमुख रेखा शर्मा के बारे में टिप्पणी के लिए शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद महुआ मोइत्रा पर निशाना साधते हुए उन्हें उनकी पार्टी से “निकाले जाने” की मांग की. मोइत्रा ने ‘एक्स’ पर डाली गई एक वीडियो पर टिप्पणी की थी, जिसमें एनसीडब्ल्यू प्रमुख हाल में उत्तर प्रदेश के हाथरस में भगदड़ मचने के बाद घटनास्थल पर आती हुई दिख रही हैं.

इस वीडियो पर महुआ ने लिखा था, “वह (शर्मा) अपने बॉस का पजामा संभालने में बहुत व्यस्त हैं.” भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मोइत्रा की टिप्पणी को “बेहद अभद्र, आपत्तिजनक और शर्मनाक” करार दिया और कहा कि यही टीएमसी और विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ का “असली चेहरा” है.

उन्होंने आरोप लगाया, “संदेशखाली, चोपडा तालिबानी पिटाई मामले और स्वाति मालिवाल मामले पर चुप रहीं सांसद महुआ मोइत्रा अब एक महिला के बारे में अभद्र टिप्पणी कर रही हैं, वो भी एनसीडब्ल्यू प्रमुख पर.” एनसीडब्ल्यू प्रमुख के बारे में मोइत्रा की टिप्पणी की तस्वीर साझा करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने उन्हें टीएमसी से निष्कासित करने की मांग की.

भाजपा प्रवक्ता ने टीएमसी सांसद की टिप्पणी को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) पर भी निशाना साधा और पूछा, “क्या प्रियंका वाद्रा, राहुल गांधी, (मल्लिकार्जुन) खरगे जी, सोनिया गांधी, प्रियंका चतुर्वेदी, आम आदमी पार्टी इस पर आवाज उठाएंगे?” उन्होंने कहा, “क्या ममता दीदी इस पर कार्रवाई करेंगी. नहीं, वह इसी तरह संदेशखाली और (पश्चिम बंगाल के) चोपडा (में दंपत्ति को कोड़े मारे जाने) पर चुप रही थीं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu