जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में दो मुठभेड़ में छह आतंकवादी ढेर, दो जवान बलिदान

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 07 Jul 2024 08:07 PM
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में दो मुठभेड़ में छह आतंकवादी ढेर, दो जवान बलिदान
ऑडियो सुनें

श्रीनगर/राजौरी/जम्मू/अकोला. जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हुई दो मुठभेड़ों में छह आतंकवादी मारे गए और दो जवान बलिदान हो गए. अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया, “मोदरगाम मुठभेड़ स्थल से दो आतंकवादियों के शव बरामद किए गए जबकि चिन्नीगाम स्थल से रविवार को चार शव बरामद किए गए.” कुलगाम जिले के दो गांवों में शनिवार को मुठभेड़ शुरू हुई थी.
उन्होंने बताया कि आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में एक पैरा कमांडो समेत दो सैन्यर्किमयों ने अपने प्राण न्यौछावर कर दिए.

अभियान के बारे में बताते हुए जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक आरआर स्वैन ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में आतंकवादियों का सफाया करना एक बड़ी उपलब्धि है. उन्होंने कहा, “निस्संदेह सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में यह एक बड़ा मील का पत्थर है. ये सफलताएं वास्तविक रूप से और संदेश के लिहाज से भी बहुत सार्थक हैं.” स्वैन ने कहा कि अभियान की सफलता इस बात का संकेत है कि जम्मू-कश्मीर में आतंक के खात्मे की लड़ाई अपने अंजाम तक पहुंचेगी.

कुलगाम मुठभेड़ में मृतकों की संख्या बढ़कर हुई आठ

सुरक्षा बलों द्वारा दो और आतंकवादियों के शव बरामद किए जाने पर, जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में रविवार को हुई दो मुठभेड़ में मृतकों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. कुलगाम जिले के दो गांवों में शनिवार को मुठभेड़ शुरू हुई थी. अधिकारियों ने बताया, “मोदरगाम मुठभेड़ स्थल से दो आतंकवादियों के शव बरामद किए गए, जबकि चिन्नीगाम मुठभेड़ स्थल से चार आतंकवादियों के शव बरामद किए गए.”

जम्मू कश्मीर के राजौरी में आतंकवादियों की गोलीबारी में सेना का जवान घायल

जम्मू कश्मीर में राजौरी जिले के एक गांव में सुरक्षा चौकी पर आतंकवादियों की गोलीबारी में सेना का एक जवान घायल हो गया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों ने तड़के करीब चार बजे मंजाकोट क्षेत्र के गलुथी गांव में सेना की चौकी पर गोलीबारी की, जिसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की.

उन्होंने बताया कि आतंकवादियों और जवानों के बीच करीब आधे घंटे तक गोलीबारी हुई, जिसमें सेना का एक जवान घायल हो गया. वहीं, आतंकवादी निकट के जंगल में भाग गए. आतंकवादियों की तलाश के लिए एक व्यापक अभियान चलाया जा रहा है.

कश्मीर में शहीद हुए सेना के जवान की अंत्येष्टि अकोला में होगी

जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में शहीद हुए सेना के जवान प्रभाकर जंजाल का अंतिम संस्कार महाराष्ट्र के अकोला जिला स्थित उनके गांव में आठ जुलाई को होगा. जिले के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी. जम्मू कश्मीर के कुलगाम जिले में शनिवार को दो स्थानों पर मुठभेड़ में चार आतंकवादी मारे गए और दो जवान भी शहीद हुए. कुलगाम के फ्रिसल चिन्नीगाम इलाके में घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान सेना के जवानों के साथ झड़प में जंजाल (26) शहीद हो गए.

अकोला के तहसीलदार ने बताया कि सोमवार को प्रभाकर के पैतृक गांव मोरगांव भाकरे में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनकी अंत्येष्टि की जाएगी. उन्होंने बताया कि उनके शहीद होने की खबर पहुंचते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई. अधिकारी ने बताया कि जंजाल 2019 में भारतीय सेना में भर्ती हुए और 2020 से वह द्वितीय महार रेजीमेंट में थे. उन्होंने बताया कि वह पहले मणिपुर में तैनात थे और अब वह चार माह पूर्व से कुलगाम जिले में भारतीय सेना की राष्ट्रीय राइफल्स (विशेष दस्ते) का हिस्सा थे. अधिकारी ने बताया कि जंजाल ने कुछ महीने पहले ही विवाह किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu