मुंबई. मुंबई पुलिस ने सोमवार को कहा कि बीएमडब्ल्यू ‘हिट-एंड-रन’ मामले में फरार मुख्य आरोपी मिहिर शाह के पिता राजेश शाह ने दुर्घटना के बाद उसे मौके से भागने को कहा था. इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई और उसका पति घायल हो गया. पुलिस ने अदालत में कहा कि राजेश ने अपने ड्राइवर राजऋषि बिदावत को घटना की जिम्मेदारी लेने को कहा जो हादसे के समय कार में था.
पुलिस ने अदालत में सीसीटीवी फुटेज भी पेश किए जिनमें कार से कावेरी नखवा को डेढ़ किलोमीटर तक घसीटते हुए देखा गया. इन तस्वीरों में मिहिर शाह और सह-आरोपी राजऋषि बिदावत को बोनट से महिला को खींचकर हटाते, उसे सड़क पर रखते और गाड़ी को उलटी दिशा में चलाते समय उसे कुचलते हुए देखा जा सकता है.
कावेरी रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे एनी बेसेंट रोड पर अपने पति प्रदीप के साथ दुपहिया वाहन से जा रही थीं, तभी बीएमडब्ल्यू कार के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और उन्हें पीछे से टक्कर मार दी. हादसे के बाद आरोपी बांद्रा-वर्ली सी लिंक की ओर भागने लगे. उन्होंने कार को बांद्रा के काला नगर के पास छोड़ा और वहां से भाग गए. पालघर जिले के शिवसेना नेता राजेश शाह और उनके चालक बिदावत को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया. बिदावत घटना के समय कार में ही था.
मुख्य आरोपी मिहिर शाह के साथ ही राजेश शाह और बिदावत पर गैर इरादतन हत्या समेत अनेक प्रावधानों के तहत आरोप हैं. राजेश शाह और बिदावत को मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट (सीवरी) एसपी भोसले की अदालत में पेश किया गया जिन्होंने राजेश शाह को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया और बिदावत को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया. अदालत ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) राजेश शाह पर लागू नहीं होती. इसके बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया.
सुनवाई के दौरान पुलिस ने अदालत में कहा कि मिहिर शाह ने घटना के बाद अपने पिता को फोन किया और राजेश शाह ने बेटे को भाग जाने को कहा.
पुलिस ने अदालत से कहा कि राजेश शाह ने मिहिर शाह से यह भी कहा कि बिदावत को ड्राइवर सीट पर बैठने के लिए कहे. पुलिस ने रिमांड सुनवाई में कहा कि राजेश अपने बेटे के ठिकाने के बारे में जानते हैं और इसलिए उनसे पूछताछ जरूरी है. बचाव पक्ष की ओर से वकील सुधीर भारद्वाज ने कहा कि पुलिस के पास सीसीटीवी फुटेज हैं लेकिन रिमांड में इसका उल्लेख नहीं किया गया.
भारद्वाज ने दलील दी कि यदि बेटा लापता है तो क्या पिता को गिरफ्तार किया जा सकता है? बचाव पक्ष ने कहा कि किसी बेटे के लिए दहशत की स्थिति में अपने पिता को फोन करना सामान्य नहीं है. भारद्वाज ने कहा कि राजेश के मामले में गैर इरादतन हत्या का आरोप लागू नहीं होता क्योंकि वह कार नहीं चला रहे थे और ना ही मौके पर मौजूद थे.
उन्होंने यह भी कहा कि बिदावत की हिरासत जरूरी नहीं है क्योंकि उसके पास से कुछ नहीं मिला. राजेश शाह को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद उनके वकील ने जमानत के लिए आवेदन किया, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया. इस बीच,पुलिस ने मिहिर शाह को गिरफ्तार करने के लिए कई दल बनाए हैं. मुख्य आरोपी मिहिर को विदेश भागने से रोकने के लिए लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) भी जारी किया गया है.
बीएमडब्ल्यू से टक्कर मामले में पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए 11 टीम बनाई
मुंबई पुलिस ने वर्ली इलाके में बीएमडब्ल्यू कार की टक्कर से एक महिला की मौत के मामले में सत्तारूढ़ शिवसेना के नेता के बेटे को पकड़ने के लिए 11 टीम गठित करने के साथ अपराध शाखा को भी जांच में शामिल किया है. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. अधिकारी ने सोमवार को बताया कि मिहिर शाह के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) भी जारी किया गया है.
पुलिस द्वारा अदालत में प्रस्तुत किए गए सीसीटीवी फुटेज में कावेरी नखवा को कार द्वारा डेढ़ किलोमीटर तक घसीटते देखा गया. फुटेज में मिहिर शाह और सह-आरोपी राजऋषि बिदावत को महिला को बोनट से उतारते हुए, उसे सड़क पर डालते हुए और फिर गाड़ी को पीछे कर उसे फिर से कुचलते हुए देखा गया.
पुलिस के अनुसार, मिहिर शाह कार को बांद्रा के कलानगर ले गया, वहां बिदावत की मौजूदगी में वाहन को छोड़ दिया, दूसरी कार ली और महानगर के उत्तरी छोर बोरीवली की ओर भाग गया.
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ”वह (मिहिर) अपनी महिला मित्र के घर गया था और तब से उसका पता नहीं चला है. उसने बोरीवली इलाके में अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया था. उसके महाराष्ट्र से भागने की आशंका के मद्देनजर पुलिस की टीम गुजरात समेत आसपास के राज्यों में भेजी गई हैं.” अधिकारी ने बताया कि पुलिस पालघर स्थित मिहिर के आवास पर भी गई, लेकिन वहां ताला लगा हुआ था. अब तक की जांच के अनुसार, मिहिर ने रविवार तड़के तक जुहू के एक बार में अपने चार दोस्तों के साथ पार्टी की थी, जिसके बाद वह और उसका ड्राइवर दक्षिण मुंबई की ओर चले गए.
बीएमडब्ल्यू ‘हिट-एंड-रन’ मामला: शिवसेना नेता को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया
मुंबई की एक अदालत ने बीएमडब्ल्यू ‘हिट-एंड-रन’ मामले में शिवसेना नेता राजेश शाह को सोमवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया. इस मामले में उनका बेटा भी आरोपी है और इस समय फरार है.
प्रभावशाली लोगों को व्यवस्था में गड़बड़ी नहीं करने देंगे :शिंदे
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने किसी भी प्रकार के अन्याय को ‘बर्दाश्त नहीं करने’ की राज्य प्रशासन की नीति पर सोमवार को जोर दिया. इसके साथ ही उन्होंने पुलिस को न्याय सुनिश्चित करने के लिए शक्तिशाली और प्रभावशाली व्यक्तियों से जुड़े ‘हिट-एंड-रन’ मामलों से गंभीरता से निपटने का निर्देश दिया. ‘हिट-एंड-रन’ से आशय उस घटना से है जिसमें कोई व्यक्ति अपने वाहन से सड़क पर किसी को जाने-अनजाने टक्कर मारता है और फिर वहां से भाग जाता है.
शिंदे का बयान उस ‘हिट एंड रन’ घटना के बाद आया है जिसमें उनके नेतृत्व वाली शिवसेना के एक नेता के बेटे द्वारा कथित तौर पर चलाई जा रही बीएमडब्ल्यू कार ने मुंबई में स्कूटर पर पीछे बैठी 45 वर्षीय एक महिला को कुचल दिया था. इस घटना में महिला की मौत हो गई थी. महाराष्ट्र में ‘हिट-एंड-रन’ मामलों की बढ़ती संख्या पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए शिंदे ने कहा, ”शक्तिशाली और प्रभावशाली लोगों द्वारा अपनी स्थिति का दुरुपयोग करके व्यवस्था में गड़बड़ी उत्पन्न करना असहनीय है. न्याय में इस तरह की गड़बड़ी मेरी सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी.”