कठुआ/जम्मू. जम्मू कश्मीर में कठुआ जिले के माचेडी इलाके में सेना के वाहन पर घात लगाकर किये गए आतंकवादियों के हमले में 5 जवान बलिदान हो गए और 5 अन्य घायल हुए हैं. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. आतंकवादियों ने सेना के वाहनों को निशाना बनाकर एक ग्रेनेड फेंका और गोलीबारी की. ये वाहन कठुआ शहर से 150 किलोमीटर दूर लोहई मल्हार में बदनोता गांव के पास अपराह्न करीब साढ.े तीन बजे माचेडी-किंडली-मल्हार मार्ग पर नियमित गश्त पर थे.
अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई की लेकिन आतंकवादी नजदीक के जंगलों में भाग गए. खबर लिखे जाने तक, आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच रूक-रूक कर गोलीबारी जारी रहने की सूचना है. एक अधिकारी ने कहा, ”कुल 10 सैनिक घायल हुए और चोटों के चलते उनमें से 5 की मृत्यु हो गई.” अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों को मार गिराने के लिए इलाके में अतिरक्त सुरक्षा बल भेजे गये हैं. माना जाता है कि इन आतंकियों ने हाल में सीमा पार से घुसपैठ की थी और वे ऊंचाई वाले स्थानों पर जा रहे थे. पिछले चार सप्ताह में कठुआ जिले में यह दूसरी बड़ी घटना है.
तलाश एवं घेराबंदी अभियान के दौरान 12 एवं 13 जून को भीषण मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए थे तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के एक जवान की जान चली गई थी. डोडा जिले में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच हुई मुठभेड़ के पखवाड़े भर के अंदर यह आतंकी हमला हुआ. उस मुठभेड़ में, 26 जून को तीन विदेशी आतंकी मारे गए थे. वहीं, इससे पहले नौ जून को आतंकवादियों ने रियासी जिले में शिव खोड़ी मंदिर से श्रद्धालुओं को ला रही एक बस पर हमला किया था जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई थी और 41 अन्य घायल हो गए.