IND vs SL: 26 जुलाई से नहीं, अब इस दिन से शुरू होगा भारत का श्रीलंका दौरा, बीसीसीआई ने जारी किया नया शेड्यूल

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Sat, 13 Jul 2024 07:35 PM
IND vs SL: 26 जुलाई से नहीं, अब इस दिन से शुरू होगा भारत का श्रीलंका दौरा, बीसीसीआई ने जारी किया नया शेड्यूल
ऑडियो सुनें

भारतीय टीम फिलहाल पांच मैचों की टी20 सीरीज के लिए जिम्बाब्वे के दौरे पर है। इसके बाद टीम इंडिया को श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टी20 और इतने ही मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है। मुख्य कोच बनने के बाद गौतम गंभीर का यह पहला दौरा होगा। हाल ही में बीसीसीआई सचिव जय शाह ने उनके मुख्य कोच बनाए जाने का एलान किया था। दरअसल, टी20 विश्व कप 2024 के बाद बतौर मुख्य कोच राहुल द्रविड़ का कार्यकाल समाप्त हो गया था। अब टीम इंडिया नए कोच के निर्देशन में खेलती नजर आएगी।

भारत के श्रीलंका दौरे का पूरा कार्यक्रम
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इस दौरे के शेड्यूल में बदलाव किया है। दरअसल, टी20 सीरीज की शुरुआत 26 जुलाई से होनी थी। हालांकि, अब बीसीसीआई ने जानकारी दी है कि पहला मुकाबला 27 जुलाई को खेला जाएगा। भारतीय टीम इस दौरे के लिए 20 तारीख के बाद रवाना हो सकती है। हालांकि, बीसीसीआई की तरफ से अब तक इसको लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। तीन मैचों की टी20 सीरीज की शुरुआत 27 जुलाई से होगी। दूसरा 28 और तीसरा मुकाबला 30 जुलाई को खेला जाएगा। वहीं, वनडे सीरीज का आगाज दो अगस्त से होगा, जिसका दूसरा और तीसरा मुकाबला क्रमश: चार और सात अगस्त को खेला जाएगा।

रोहित के बाद कौन होगा कप्तान?
टी20 विश्व कप 2024 में भारत की जीत के बाद रोहित शर्मा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी। इसके अलावा विराट कोहली और रवींद्र जडेजा ने भी इस प्रारूप से संन्यास ले लिया। अब सवाल यह उठता है कि हिटमैन की जगह श्रीलंका के दौरे पर किसे टीम की कप्तानी सौंपी जाएगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हार्दिक पांड्या और केएल राहुल इस सीरीज के लिए कप्तानी की दौड़ में सबसे आगे हैं। हालांकि, बीसीसीआई की तरफ से इसको लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई है।

दिग्गजों की गैरमौजूदगी में श्रीलंका के खिलाफ भारत खेलेगा वनडे सीरीज?
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को अगस्त में श्रीलंका के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए आराम दिया जा सकता है। इस स्थिति में हार्दिक पांड्या और केएल राहुल में से किसी एक खिलाड़ी को इस दौरे पर कप्तानी सौंपी जा सकती है। माना जा रहा है कि भारतीय दिग्गजों ने बीसीसीआई से छुट्टी की मांग की है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news