लोकतंत्र के लिए गोली खाई : ट्रंप

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 21 Jul 2024 07:25 PM
लोकतंत्र के लिए गोली खाई : ट्रंप
ऑडियो सुनें

वाशिंगटन. पेनसिल्वेनिया में एक कार्यक्रम में हुए जानलेवा हमले में बाल-बाल बचने के बाद अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी पहली चुनाव प्रचार रैली में आलोचकों की इन चिंताओं को खारिज किया कि वह लोकतंत्र के लिए खतरा हैं और कहा कि उन्होंने ”लोकतंत्र के लिए गोली खाई.” मिशिगन में शनिवार को हुई रैली में राष्ट्रपति चुनाव के लिए रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार ट्रंप के साथ उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जे डी वेंस भी थे. ग्रैंड रैपिड्स के वैन एंडेल एरिना में ट्रंप और वेंस को देखने के लिए 12,000 से अधिक लोग इकट्ठे हुए.

ट्रंप (78) ने डेमोक्रेटिक पार्टी के नेताओं का जिक्र करते हुए कहा, ”वे कहते रहते हैं कि वह (ट्रंप) लोकतंत्र के लिए खतरा हैं. मैं कहता हूं, ”मैंने लोकतंत्र के खिलाफ क्या किया है?” मैंने पिछले सप्ताह लोकतंत्र के लिए गोली खाई.” उन्होंने अपने हजारों समर्थकों की तालियों की गड़गड़ाहट के बीच कहा, ”मैंने लोकतंत्र के खिलाफ क्या किया? यह पागलपन है.” पेनसिल्वेनिया में एक चुनावी रैली के दौरान पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप पर एक बंदूकधारी ने कई गोलियां चलाई थीं. इस हमले में एक गोली ट्रंप के दाहिने कान को छूकर निकल गई थी, जबकि रैली में शामिल एक व्यक्ति मारा गया था और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे.

पूर्व राष्ट्रपति ने ट्रंप के एजेंडे का समर्थन करने के लिए अमेरिकी संघीय सरकार को नया स्वरूप देने के लक्ष्य से बनाई गई रूढि.वादी ‘हेरिटेज फाउंडेशन’ की ‘परियोजना 2025’ पर भी बात की, जिसके बारे में उनके प्रतिद्वंद्वियों का दावा है कि यह पहल लोकतंत्र के लिए खतरा है.

ट्रंप ने इस परियोजना से खुद को अलग करते हुए कहा, ”मैं इसके बारे में कुछ जानना नहीं चाहता, लेकिन वे गलत सूचना और भ्रामक जानकारी दे रहे हैं.” कान पर पट्टी बांधकर आए ट्रंप ने करीब दो घंटे तक भाषण दिया और ‘बटलर मेमोरियल अस्पताल’ के र्किमयों का आभार जताया, जहां उन्हें पेनसिल्वेनिया में उनकी रैली में गोलीबारी की घटना के बाद ले जाया गया था.

ट्रंप ने कहा, ”मैं पिछले शनिवार की भयावह घटना के बाद अत्यंत प्यार और समर्थन के लिए देशभर के लोगों को विशेष धन्यवाद देना चाहता हूं.” ट्रंप ने आरोप लगाया कि प्रतिद्वंद्वी डेमोक्रेटिक पार्टी मौजूदा राष्ट्रपति जो बाइडन को चुनावी दौड़ से बाहर करने के लिए अपने ही प्राइमरी नतीजों को पलटने की कोशिश कर रही है.
उन्होंने कहा, ”जैसा कि आप देख रहे हैं, डेमोक्रेट पार्टी लोकतांत्रिक पार्टी नहीं है. वे वास्तव में लोकतंत्र के दुश्मन हैं.” पूर्व राष्ट्रपति ने कहा, ”हमारे नेतृत्व में रिपब्लिकन पार्टी लोगों की पार्टी है. हम हर जाति, धर्म, रंग और पंथ के मेहनती अमेरिकियों की पार्टी हैं. हम एक बहुत बड़ी पार्टी बन गए हैं.”

मेरी हत्या की कोशिश के बाद चीन के राष्ट्रपति शी ने मुझे प्यारा सा पत्र लिखा था: ट्रंप
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि पेनसिल्वेनिया में एक रैली में उन पर किए गए जानलेवा हमले के बाद चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने उन्हें एक प्यारा सा पत्र लिखा था. पेनसिल्वेनिया में एक चुनावी रैली के दौरान पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप पर एक बंदूकधारी ने कई गोलियां चलाई थीं. इस हमले में एक गोली ट्रंप के दाहिने कान को छूकर निकल गई थी, जबकि रैली में शामिल एक व्यक्ति मारा गया था और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे.

इस हमले के एक सप्ताह बाद ट्रंप ने मिशिगन के ‘ग्रैंड रैपिड्स’ में शनिवार को एक चुनावी रैली में कहा, ”मेरा राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ बहुत अच्छा रिश्ता रहा और वह एक बढि.या इंसान हैं.” अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति ने बताया कि उन पर हुए हमले के बाद शी ने ”मुझे अगले दिन एक प्यारा सा पत्र लिखा.” ट्रंप (78) ने कहा कि उन्हें अन्य नेताओं से भी इसी प्रकार के पत्र मिले हैं.
पूर्व राष्ट्रपति ने यह नहीं बताया कि और किन नेताओं ने हमले के बाद उनसे संपर्क किया.

उन्होंने हमले के बाद अपनी पहली चुनावी रैली में कहा, ”इनमें से बहुतों को वह पसंद नहीं था जो मैं उनके साथ कर रहा था, लेकिन वे यह भी जानते थे कि यह समय की मांग थी. अब खेल खत्म हो चुका था, है न? यह समय की मांग थी. लगभग सभी ने मुझे पत्र लिखे…. मेरे अब उन सभी के साथ अच्छे संबंध हैं. यह अच्छी बात है.” ट्रंप, शी के साथ मधुर संबंध होने का लंबे समय से दावा करते रहे हैं.
उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन के साथ भी उनके अच्छे संबंध हैं.

उन्होंने कहा, ”मीडिया संस्थान कई बार कहते थे कि उनके किम जोंग उन के साथ अच्छे संबंध हैं, उत्तर कोरिया के पास बहुत सारे परमाणु हथियार हैं. मेरे उनके साथ अच्छे संबंध थे. यह अच्छी बात है. मेरे राष्ट्रपति होने के कारण आपको कभी कोई खतरा नहीं था. किसी के साथ अच्छे संबंध होना अच्छी बात है, बुरी बात नहीं.” ट्रंप ने कहा कि वह व्यापार में चीन के प्रति सख्ती बरतेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu