हमें ऐसा कोई चाहिये था तो लगातार उपलब्ध हो, सूर्यकुमार को टी20 कप्तान बनाने पर बोले अगरकर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 22 Jul 2024 08:25 PM
हमें ऐसा कोई चाहिये था तो लगातार उपलब्ध हो, सूर्यकुमार को टी20 कप्तान बनाने पर बोले अगरकर
ऑडियो सुनें

मुंबई. मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने सोमवार को कहा कि जब हार्दिक पंड्या पर तरजीह देकर सूर्यकुमार यादव को टी20 टीम की कप्तान बनाने का फैसला किया गया तो फिटनेस, ड्रेसिंग रूम से फीडबैक और लगातार उपलब्धता उनके पक्ष में रही. अगरकर भारत के श्रीलंका दौरे से पहले नवनियुक्त मुख्य कोच गौतम गंभीर के साथ प्रेस कांफ्रेंस में मीडिया से बात कर रहे थे. श्रीलंका दौरे पर भारतीय टीम को तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय और इतने ही एकदिवसीय मैच खेलने हैं.

संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस के दौरान अगरकर ने कहा, ”सूर्यकुमार को कप्तान क्यो बनाया गया . क्योंकि वह योग्य उम्मीदवार था . पिछले एक साल से अधिक समय से वह ड्रेसिंग रूप में है और उसके बारे में ड्रेसिंग रूम से फीडबैक मिला है . उसमें क्रिकेट की अच्छी समझ है और वह अभी भी टी20 क्रिकेट में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाजों में से है .” उन्होंने कहा ,” हमें ऐसा कप्तान चाहिये था तो सारे मैच खेले . हमें लगता है कि वह कप्तान बनने का हकदार है और हम देखेंगे कि वह इस भूमिका में कैसे फिट बैठता है.” अगरकर ने कहा कि उन्हें ऐसा कप्तान चाहिये था जिसका फिटनेस का रिकॉर्ड अच्छा हो और जिसका चोटों का इतिहास नहीं रहा हो .

स्टार ऑलराउंडर पंड्या के बारे में अगरकर ने कहा, ”हार्दिक जैसा कौशल मिलना मुश्किल है और फिटनेस मिलना भी मुश्किल है. हमारे पास थोड़ा और समय है और हम कुछ चीजों पर गौर कर सकते हैं.” उन्होंने कहा ,” वह हमारे लिये काफी महत्वपूर्ण खिलाड़ी है लेकिन फिटनेस बड़ी चुनौती है . हमें ऐसा खिलाड़ी चाहिये जो अधिकांश समय उपलब्ध हो .” पूर्व उप कप्तान लोकेश राहुल की अनदेखी पर उन्होंने कहा, ”जब राहुल को बाहर किया गया तो मैं वहां नहीं था. मैं उस समय चयनकर्ता नहीं था .”

उन्होंने कहा ,” अभी हमारे पास समय है . मेरे आने के बाद 50 ओवरों का विश्व कप और टी20 विश्व कप था . फिटनेस चिंता का विषय है . इसके अलावा भी हमारा मानना है कि सूर्यकुमार में अच्छा कप्तान बनने के सारे लक्षण है .” उन्होंने कहा ,” दो साल का समय लंबा है जिसमें हम कुछ चीजों को अलग तरीके से देखकर प्रयोग कर सकते हैं . हमें हर समय उपलब्ध रहने वाले खिलाड़ी चाहिये . इस तरह से हम हार्दिक का प्रबंधन बेहतर तरीके से कर सकेंगे .” अगरकर ने स्वीकार किया कि चयन समिति को यह स्पष्ट करना चाहिये था कि विश्व कप के बाद टी20 क्रिकेट को अलविदा कहने वाले रविंद्र जडेजा को बाहर नहीं किया गया है .

उन्होंने कहा ,” इतनी छोटी श्रृंखला के लिये उन्हें और अक्षर पटेल दोनों को ले जाने का कोई मतलब नहीं था . हमें पता है कि जड्डू ने क्या किया है . उसने विश्व कप में शानदार प्रदर्शन किया . उसे बाहर नहीं किया गया है .” उन्होंने कहा ,” सारे विकल्प खुले हैं .लेकिन दोनों को ले जाने पर कोई एक ही तीनों मैच खेलता . आगे टेस्ट श्रृंखलायें खेलनी है जिसमें जडेजा अधिकांश मैच खेलेंगे . इन तीन मैचों से कोई फर्क नहीं पड़ता .” अगरकर ने कहा ,” हमें स्पष्ट करना चाहिये था कि उसे बाहर नहीं किया गया है . वह अभी भी हमारी रणनीति में है और काफी महत्वपूर्ण खिलाड़ी है .” उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व उपकप्तान केएल राहुल, ऋषभ पंत और पंड्या के लिये भी कप्तानी के दरवाजे बंद नहीं हुए हैं .

उन्होंने कहा ,” हम पंत को सबसे पहले मैदान पर वापसी करते देखना चाहते थे .वह अहम खिलाड़ी है लेकिन उसने पिछले कुछ समय से बहुत क्रिकेट नहीं खेला है . हम उस पर वापसी के बाद इतना दबाव नहीं डालना चाहते थे .” उन्होंने कहा ,” केएल कुछ समय से टी20 प्रारूप में नहीं है . हमारे पास आजमाने का समय है . इस बार अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 में हार्दिक का चोटिल होना चुनौतीपूर्ण था . उस समय रोहित खेल नहीं रहा था लेकिन उसके होने से हमारा काम आसान हो गया . हम आगे वैसी स्थिति नहनीं चाहते .’ अगरकर ने कहा कि चयनकर्ता चाहते हैं कि उपकप्तान शुभमन गिल अनुभव और सीनियर खिलाड़ियों से सीखे .

उन्होंने कहा ,” शुभमन तीनों प्रारूपों का खिलाड़ी है और उसने अपनी प्रतिभा की बानगी भी दी है . हम चाहते हैं कि वह सीनियर खिलाड़ियों और अनुभव से सीखे .उसने नेतृत्व क्षमता का परिचयन दिया है और हम चाहेंगे कि वह अनुभव से सीखे .” अगरकर ने स्वीकार किया कि भारत में टेस्ट में तीन तेज गेंदबाजों की जरूरत शायद नहीं हो लेकिन आगे तेज गेंदबाजी संयोजन पर भी विचार होगा .

उन्होंने कहा ,” मोहम्मद शमी ने गेंदबाजी शुरू कर दी है जो अच्छा संकेत है . हमें 19 सितंबर को पहला टेस्ट खेलना है . हमें पता नहीं कि वह कब वापसी कर सकेगा .उसके लिये एनसीए में बात करनी होगी . भारत में काफी टेस्ट होने हैं और अंतिम 11 में तीन तेज गेंदबाजों की जरूरत नहीं होगी लेकिन भविष्य के लिये तेज गेंदबाजी संयोजन पर बात होगी .” श्रीलंका के खिलाफ टी20 श्रृंखला 27 जुलाई से शुरू होग. उसके बाद 28 और 30 जुलाई को दो अन्य टी20 मैच होंगे. सभी मैच पाल्लेकल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे. इसके बाद कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में दो, चार और सात अगस्त को एकदिवसीय मैच खेले जाएंगे. टी20 विश्व कप जीतने के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों से संन्यास लेने वाले रोहित शर्मा एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय टीम के कप्तान होंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu