टीआरपी के लिये अच्छा लेकिन कोहली से मेरा रिश्ता निजी मामला है : गंभीर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 22 Jul 2024 08:26 PM
टीआरपी के लिये अच्छा लेकिन कोहली से मेरा रिश्ता निजी मामला है : गंभीर
ऑडियो सुनें

मुंबई. भारत के नवनियुक्त मुख्य कोच गौतम गंभीर ने सोमवार को घोषणा की कि स्टार बल्लेबाज विराट कोहली के साथ उनका बहुर्चिचत रिश्ता टीआरपी के लिये नहीं बल्कि उन दोनों के बीच है और आने वाले समय में दोनों एक लक्ष्य के लिये ही काम करने वाले हैं. गंभीर और कोहली अच्छे दोस्त नहीं रहे और यह आईपीएल में दोनों के बीच कई बार टकराव से स्पष्ट है. हालांकि अब यह जोड़ी 27 जुलाई से श्रीलंका के टी20 और एकदिवसीय दौरे से एक साथ काम करेगी.

गंभीर ने संवाददाताओं से कहा, ”टीआरपी के लिये अच्छा है लेकिन मेरा रिश्ता सार्वजनिक नहीं है . विराट कोहली के साथ मेरा रिश्ता हम दोनों के बीच है और यह दो परिपक्व लोगों के बीच का रिश्ता है .” मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर के साथ गंभीर श्रीलंका दौरे से पहले प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित कर रहे थे . भारत को श्रीलंका में तीन टी20 और तीन वनडे खेलने हैं .

कोहली के संदर्भ में उन्होंने कहा, ”हमने बहुत चर्चा की है और हर किसी के पास अपनी जर्सी के लिए लड़ने का अधिकार है.” गंभीर ने कहा ,” लेकिन इस समय हम भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं . 140 करोड़ भारतीयों का और मुझे यकीन है कि हम एक लक्ष्य के लिये काम कर रहे हैं और भारत को गौरवान्वित करने की कोशिश करेंगे .” हाल ही में टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहने वाले कोहली श्रीलंका दौरे पर भारत की वनडे टीम का हिस्सा हैं .

गंभीर ने कहा कि मैदान से बाहर दोनों के संबंध बहुत अच्छे हैं .उन्होंने कहा ,” और ऐसा ही रहेगा . लेकिन इसे सार्वजनिक करने की जरूरत नहीं . यह दो व्यक्तियों के बीच का संबंध है . मैंने उससे काफी बात की है और एक दूसरे को मैसेज भेजे हैं .” उन्होंने कहा ,” कई बार हम सिर्फ सुर्खियां चाहते हैं , यह महत्वपूर्ण नहीं है . इस समय सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हम दोनों भारत का परचम लहराने के लिये काफी मेहनत करेंगे . यही हमारा काम है .” श्रीलंका दौरे के लिये भारत के पूर्व हरफनमौला अभिषेक नायक और नीदरलैंड के पूर्व बल्लेबाज रियान टेन डोइशे भारतीय टीम के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा होंगे जो गंभीर के साथ आईपीएल 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिये काम कर चुके हैं .

गंभीर ने कहा कि सहयोगी स्टाफ के बारे में विस्तार से श्रीलंका दौरे के बाद पता चलेगा. उन्होंने कहा ,” मैं बीसीसीआई से बहुत खुश हूं . उन्होंने मुझे अधिकांश चीजे दी जो मैने मांगी थी . श्रीलंका दौरे के बाद सहयोगी स्टाफ के बारे में विस्तार से जानकारी मिलेगी . अभी अभिषेक और रियान सहायक कोच हैं और टी दिलीप फील्डिंग कोच रहेंगे . साईराज बहुतुले श्रीलंका दौरे के लिये अंतरिम गेंदबाजी कोच हैं .”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu