खलनायिका की भूमिका निभाना चाहती हैं अभिनेत्री सुमोना चक्रवर्ती

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 29 Jul 2024 08:37 PM
खलनायिका की भूमिका निभाना चाहती हैं अभिनेत्री सुमोना चक्रवर्ती
ऑडियो सुनें

मुंबई. अभिनेत्री सुमोना चक्रवर्ती ने कहा कि वह बड़े पर्दे पर खलनायिका से लेकर खुफिया अधिकारी तक के किरदार करना चाहती हैं.
धारावाहिक ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ और कॉमेडी शो ‘कॉमेडी नाइट्स विद कपिल’ तथा ‘द कपिल शर्मा शो’ से छोटे पर्दे पर पहचान बनाने वाली अभिनेत्री ने कहा कि वह अच्छा काम करने को उत्सुक हैं.

अभिनेत्री ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ” मैं एक्शन तथा रोमांचक भूमिकाएं करना चाहती हूं क्योंकि मुझे डिजिटल मंच पर अपराध तथा खून-खराबा देखना पसंद है. मैं अलग-अलग भूमिकाएं करना चाहूंगी. मैं खलनायिका या खुफिया अधिकारी की भूमिका निभाना पसंद करूंगी.” उन्होने कहा, ” कलाकार कभी भी पूरी तरह से संतुष्ट नहीं हो पाते क्योंकि हम हमेशा अधिक तथा अलग की तलाश में रहते हैं. मैंने फैसला किया है कि मुझे ‘फिक्शन’ और विभिन्न प्रकार के किरदार करने की अपनी चाह को पूरा करना है. ओटीटी मंच पर बेहद अच्छा काम हो रहा है. मुझे उम्मीद है कि लोग मेरे साथ काम करना पसंद करेंगे..” सुमोना इन दिनों रियलिटी स्टंट शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ के सीजन 14 में नजर आ रही हैं. इसकी शूटिंग रोमानिया में की गई.

उन्होंने कहा, ” यह काफी उत्साहजनक रहा. यह जीवन में एक बार मिलने वाला अनुभव था क्योंकि जो स्टंट आपको वहां करने को मिलते हैं वे आपको बॉलीवुड या हॉलीवुड फिल्मों में करने को नहीं मिलेंगे. हर एक स्टंट मुश्किल था. मुझे नहीं लगता कि कोई पैसे देकर भी ऐसा अनुभव हासिल कर सकता है.” ‘खतरों के खिलाड़ी’ के सीजन-14 का प्रसारण गत शनिवार से कलर्स टीवी पर शुरू हुआ. सुमोना चक्रवर्ती के अलावा इसमें 11 अन्य प्रतियोगी शिल्पा शिंदे, असीम रियाज, कृष्णा श्रॉफ, शालीन भनोट, अभिषेक कुमार, निमृत कौर अहलूवालिया, करण वीर मेहरा, केदार आशीष मेहरोत्रा, अदिति शर्मा, गश्मीर महाजनी और नियति फतनानी हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu