राज्यसभा की 12 सीट के लिए तीन सितंबर को चुनाव होगा: निर्वाचन आयोग

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 07 Aug 2024 08:52 PM
राज्यसभा की 12 सीट के लिए तीन सितंबर को चुनाव होगा: निर्वाचन आयोग
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. निर्वाचन आयोग ने बुधवार को कहा कि नौ राज्यों की 12 रिक्त राज्यसभा सीट के लिए तीन सितंबर को चुनाव होगा.
केंद्रीय मंत्रियों-पीयूष गोयल, सर्बानंद सोनोवाल और ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत मौजूदा सदस्यों के लोकसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद राज्यसभा की दस सीट खाली हो गई थीं. तेलंगाना और ओडिशा में राज्यसभा की दो सीट के लिए उपचुनाव भी होगा.

तेलंगाना में हाल में के. केशव राव ने भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) छोड़कर कांग्रेस में शामिल होने के बाद सदन की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था जबकि बीजू जनता दल (बीजद) की सांसद ममता मोहंता ने राज्यसभा सीट और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था.

गोयल, सोनोवाल और सिंधिया के अलावा लोकसभा चुनाव जीतने वाले अन्य राज्यसभा सदस्यों में कामाख्या प्रसाद तासा (भारतीय जनता पार्टी), मीसा भारती (राष्ट्रीय जनता दस), विवेक ठाकुर (भाजपा), दीपेंद्र सिंह हुड्डा (कांग्रेस), उदयनराजे भोसले (भाजपा), के सी वेणुगोपाल (कांग्रेस) और बिप्लब कुमार देब (भाजपा) शामिल हैं. आयोग ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के लिए अधिसूचना 14 अगस्त को जारी की जाएगी और नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 अगस्त है. प्रत्येक राज्यसभा सीट के लिए तीन सितंबर को अलग-अलग चुनाव होगा और उसी दिन परिणाम घोषित किए जाएंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu