स्वतंत्रता दिवस पर रिलीज हो रहीं तीन फिल्म, बॉक्स ऑफिस पर कर सकती हैं अच्छा कारोबार

नयी दिल्ली. हिंदी सिनेमा के लिए यह सप्ताहांत काफी लंबा और व्यस्त रहने वाला है क्योंकि स्वतंत्रता दिवस के दिन तीन बड़ी फिल्म रिलीज होने जा रही हैं. विशेषज्ञों को उम्मीद है कि इस दौरान ‘स्त्री 2’, ‘वेदा’ और ‘खेल खेल में’ को बॉक्स ऑफिस पर अच्छा कारोबार करने में मदद मिलेगी. हालांकि एकसाथ रिलीज होने से एक-दूसरे की कमाई पर असर पड़ने की आशंका है.

‘स्त्री 2’ 2018 की हिट हॉरर कॉमेडी ‘स्त्री’ का बहुप्रतीक्षित सीक्वल है जिसमें राजकुमार राव, श्रद्धा कपूर और पंकज त्रिपाठी मुख्य भूमिका में हैं जबकि ‘वेदा’ में जॉन अब्राहम और शरवरी मुख्य किरदारों में हैं. सुपरस्टार अक्षय कुमार थ्रिलर कॉमेडी ‘खेल खेल में’ के साथ सिनेमाघरों में आ रहे हैं. ये सभी फिल्में दर्शकों का ध्यान आर्किषत करने की होड़ में हैं. फिल्म व्यापार विशेषज्ञों के अनुसार ‘स्त्री 2’ अच्छी शुरुआत के लिए स्पष्ट रूप से पसंदीदा फिल्म प्रतीत होती है.

फिल्म व्यापार विशेषज्ञ तरण आदर्श ने ‘पीटीआई भाषा’ से कहा, ”एक दर्शक के तौर पर बिना किसी संदेह के मेरी पहली पसंद ‘स्त्री 2’ होगी. मुझे पहला भाग बहुत पसंद आया और मैं दूसरे भाग का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं. फिल्म अच्छी दिख रही है. मेरी दूसरी पसंद ‘वेदा’ होगी, ट्रेलर ने मुझे वाकई आर्किषत किया है.” उन्होंने कहा, ”मेरी तीसरी फिल्म ‘खेल खेल में’ (2016 की इतालवी फिल्म ‘परफेक्ट स्ट्रेंजर्स’ की रीमेक) होगी. मैं देखना चाहता हूं कि उन्होंने फिल्म का भारतीय संस्करण कैसे बनाया है. ये तीनों फिल्म काफी आगे रहने वाली हैं. उन्हें अधिक स्क्रीन और शो भी मिलेंगे.” उन्हें उम्मीद है कि स्वतंत्रता दिवस का सप्ताहांत ईद से बेहतर होगा जब दो बड़ी हिंदी फिल्मों ”बड़े मियां छोटे मियां” और ”मैदान” ने बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से कम प्रदर्शन किया था.

वरिष्ठ वितरक और प्रदर्शक राज बंसल ने भी ”स्त्री 2” के बॉक्स ऑफिस पर ”वेदा” और ”खेल खेल में” से बेहतर प्रदर्शन करने की उम्मीद जतायी. बंसल ने उम्मीद जताई कि ‘स्त्री 2’ की ओपनिंग 18-20 करोड़ रुपये होगी, जबकि ‘वेदा’ और ‘खेल खेल में’ की संयुक्त ओपनिंग 8-10 करोड़ रुपये होगी. उन्होंने ‘पीटीआई भाषा’ से कहा कि ”स्त्री 2” दर्शकों की पहली पसंद हो सकती है. पहली फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर बहुत अच्छा प्रदर्शन किया था और सीक्वल लिए उत्सुकता बढ़ रही है. ऐसा लगता है कि ‘स्त्री 2’ की शुरुआत बड़ी होगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button