फिल्म उद्योग ने मेरा बहिष्कार किया है, मेरे साथ खड़ा होना आसान नहीं: कंगना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 14 Aug 2024 10:45 PM
फिल्म उद्योग ने मेरा बहिष्कार किया है, मेरे साथ खड़ा होना आसान नहीं: कंगना
ऑडियो सुनें

मुंबई. अभिनेत्री-निर्देशक कंगना रनौत ने कहा है कि हिंदी फिल्म उद्योग ने उनका “बहिष्कार” किया है और उनके साथ खड़ा होना लोगों के लिए आसान नहीं है, इसलिए आगामी फिल्म “इमरजेंसी” में उनका साथ देने वाले भगवान और देवदूतों जैसे हैं. हिमाचल प्रदेश के मंडी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद रनौत ने फिल्म का निर्देशन किया है, जिसमें उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की भूमिका निभाई है. फिल्म का ट्रेलर बुधवार को जारी किया गया और यह छह सितंबर को रिलीज होगी. फिल्म में अनुपम खेर, महिमा चौधरी, मिलिंद सोमण, श्रेयस तलपड़े, विशाक नायर और सतीश कोशिक ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं.

रनौत ने यहां पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “बहुत से लोग भगवान और देवदूत बनकर आते हैं. वे आपको मुश्किलों से बाहर निकालते हैं. मैं अपने कलाकारों का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं. हर कोई जानता है कि इंडस्ट्री ने मेरा बहिष्कार कर दिया है. मेरे साथ खड़ा होना आसान नहीं है. मेरी फिल्म करना आसान नहीं है. और निश्चित रूप से मेरी प्रशंसा करना आसान नहीं है, लेकिन उन्होंने यह सब किया है.”

तीनों खान अभिनीत फिल्म का निर्देशन व निर्माण करना चाहूंगी : कंगना रनौत

अभिनेत्री-फिल्मकार कंगना रनौत ने बुधवार को कहा कि वह तीनों खान-शाहरुख, सलमान व आमिर अभिनीत एक फिल्म का निर्देशन व निर्माण करना चाहेंगी. उन्होंने अपने निर्देशन में बनी फिल्म “इमरजेंसी” का ट्रेलर जारी किए जाने के मौके पर यह बात कही. इस फिल्म में उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की भूमिका निभाई है. फिल्म छह सितंबर को रिलीज होगी. उन्होंने “नॉक आउट” फिल्म में साथ काम करने वाले अभिनेता दिवंगत इरफान खान को “पसंदीदा खानों में से एक” बताते हुए कहा कि उन्हें अफसोस है कि वह उनके साथ फिल्म नहीं बना पाईं.

रनौत ने यहां पत्रकारों से कहा, “मैं एक फिल्म का निर्माण व निर्देशन करना चाहूंगी, जिसमें तीनों खान अभिनय करें. वे प्रतिभाशाली हैं और सिनेमा जगत के लिए बहुमूल्य हैं. हमें उनका हमेशा आभारी होना चाहिए. वे ऐसे लोगों से जुड़ते हैं जिन्हें इस तरह के जुड़ाव की जरूरत होती है.” शाहरुख और सलमान ने “करण अर्जुन” और “कुछ कुछ होता है” जबकि सलमान और आमिर ने “अंदाज अपना अपना” में साथ अभिनय किया था. तीनों खान ने अब तक एक साथ कोई फिल्म नहीं की है. सलमान की 2011 में आई फिल्म ‘रेडी’ में अतिथि भूमिका निभाने वाली रनौत ने कहा कि तीनों खान में एक ‘कलात्मक पक्ष’ है, जो कई फिल्म में नहीं दिखा है.

उन्होंने कहा, “मैं कई अभिनेताओं के साथ फिल्म बनाना चाहूंगी. एक अभिनेता जिनके साथ मैं फिल्म नहीं बना पाई, उसका मुझे हमेशा अफसोस रहेगा, वह हैं इरफान खान साहब. वह मेरे पसंदीदा खानों में से एक हैं. मुझे हमेशा उनकी कमी खलेगी.” हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद बनने के बाद “इमरजेंसी” उनकी पहली फिल्म है. उन्होंने 2019 में “मणिर्किणका: द क्वीन ऑफ. झांसी” से निर्देशन में कदम रखा. उन्होंने कृष जगरलामुडी के साथ इस फिल्म का निर्देशन किया था.
“इमरजेंसी” फिल्म में अनुपम खेर, महिमा चौधरी, मिलिंद सोमण, श्रेयस तलपड़े, विशाक नायर और दिवंगत सतीश कौशिक भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं. इसका निर्माण जी स्टूडियो और रनौत की मणिर्किणका फिल्म्स द्वारा किया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu