करुणानिधि भारतीय राजनीति और समाज की दिग्गज हस्ती हैं: प्रधानमंत्री मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 18 Aug 2024 07:41 PM
करुणानिधि भारतीय राजनीति और समाज की दिग्गज हस्ती हैं: प्रधानमंत्री मोदी
ऑडियो सुनें

चेन्नई. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री रहे दिवंगत एम. करुणानिधि को भारतीय राजनीति, साहित्य व समाज की एक ”दिग्गज हस्ती” बताया है. मोदी ने करुणानिधि के बेटे और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन को भेजे संदेश में कहा कि तमिल भाषा और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए दिवंगत नेता के प्रयासों को लोग आज भी याद करते हैं. स्टालिन ने करुणानिधि के 100वें जयंती वर्ष के अवसर पर स्मृति सिक्का जारी होने पर मोदी का संदेश रविवार को ‘एक्स’ पर साझा किया. मुख्यमंत्री ने मोदी का आभार व्यक्त किया.

स्टालिन ने कहा, “मैं मुथामिज अरिग्नार कलैग्नार (करुणानिधि) के 100वें जयंती वर्ष के अवसर पर स्मृति सिक्का विमोचन समारोह की शानदार सफलता में सहयोग देने और शुभकामनाओं के लिए माननीय प्रधानमंत्री थिरु नरेन्द्र मोदी का हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं.” प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि करुणानिधि “भारतीय राजनीति, साहित्य और समाज की एक दिग्गज हस्ती थे. वह तमिलनाडु के विकास के साथ-साथ राष्ट्रीय प्रगति के लिए हमेशा तत्पर रहते थे. एक राजनेता के रूप में, एक मुख्यमंत्री के रूप में थिरु कलैगनार करुणानिधि जी ने हमारे देश के इतिहास पर एक अमिट छाप छोड़ी. उन्हें कई दशक तक लोगों ने अपना नेता चुना, जो समाज, नीति और राजनीति के बारे में उनकी गहरी समझ को दर्शाता है.”

करुणानिधि की शतवार्षिकी पर 100 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करेंगे राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह रविवार को चेन्नई में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के पूर्व अध्यक्ष एम करुणानिधि की 100वीं पुण्यतिथि पर 100 रुपये का एक स्मारक सिक्का जारी करेंगे. राजनाथ चेन्नई में एक कार्यक्रम में सत्तारूढ. द्रमुक के अध्यक्ष और करुणानिधि के बेटे एवं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन की उपस्थिति में ‘मुथमिझ अरिगनार कलैगनार सेंटनेरी कमेमोरेटिव कॉइन’ जारी करेंगे.
कलैवनार अरन्गम में होने वाले इस कार्यक्रम में राज्य के कई मंत्री और अन्य लोग शामिल होंगे. दिग्गज द्रविड़ नेता करुणानिधि (1924-2018) पांच बार तमिलनाडु के मुख्यमंत्री रहे थे. उन्होंने अपने निधन से पहले करीब पांच दशक तक द्रमुक का अध्यक्ष पद संभाला था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu