अजित पवार की रैली में शामिल हुए कांग्रेस के असंतुष्ट विधायक जीशान सिद्दीकी, राहुल गांधी पर तंज कसा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 19 Aug 2024 10:21 PM
अजित पवार की रैली में शामिल हुए कांग्रेस के असंतुष्ट विधायक जीशान सिद्दीकी, राहुल गांधी पर तंज कसा
ऑडियो सुनें

मुंबई. महाराष्ट्र में कांग्रेस विधायक जीशान सिद्दीकी ने सोमवार को उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) की जन सम्मान यात्रा में हिस्सा लिया. सिद्दीकी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर उनके ”मोहब्बत की दुकान” वाले बयान को लेकर भी कटाक्ष किया.

सिद्दीकी के पिता और पूर्व विधायक बाबा सिद्दीकी हाल में कांग्रेस छोड़कर अजित पवार के नेतृत्व वाली पार्टी में शामिल हो गए थे. जीशान यात्रा में दोपहर में शामिल हुए जब यह उनके निर्वाचन क्षेत्र बांद्रा ईस्ट पहुंची. उन्होंने महिलाओं के लिए महायुति सरकार की ”माजी लाडकी बहिन” योजना की सराहना की. कांग्रेस पर हमला करते हुए जीशान ने कहा कि उनकी पार्टी उन्हें कार्यक्रमों और बैठकों में आमंत्रित नहीं कर रही है.

राकांपा की रैली को संबोधित करते हुए जीशान ने कहा, ”हमने बहुत अन्याय का सामना किया है. यहां (बांद्रा पूर्व निर्वाचन क्षेत्र) जो भी अच्छा काम हो रहा है, वह अजित दादा और अन्य लोगों के समर्थन के कारण है. हम धैर्य और लगन से अपना काम कर रहे थे, लेकिन अगर कोई हमारी ईमानदारी पर सवाल उठाता है, तो हमें खड़े होकर उचित तरीके से जवाब देने में सक्षम होना चाहिए.” उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ‘मोहब्बत की दुकान’ खोलना ही काफी नहीं है, बल्कि दिल में प्यार होना चाहिए. कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले ने जीशान के खिलाफ उचित कार्रवाई का संकेत दिया है.

इससे पहले, जीशान सिद्दीकी ने संवाददाताओं से कहा कि वह महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री का स्वागत करने की जिम्मेदारी ले रहे हैं क्योंकि रैली उनके विधानसभा क्षेत्र से होकर गुजर रही है. उन्होंने सरकार की ‘माझी लाडकी बहिन’ योजना के लिए अपना समर्थन जताते हुए कहा कि इससे राज्य की कई महिलाओं को बहुत लाभ होगा. जीशान ने कांग्रेस पर उनकी उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि मुंबई कांग्रेस प्रमुख और पार्टी सांसद वर्षा गायकवाड़ द्वारा आयोजित न्याय रैली में शामिल होने के लिए उन्हें आमंत्रित नहीं किया गया.

बांद्रा ईस्ट के विधायक ने कहा, ”कांग्रेस ने उम्मीदवारों को नामांकन पत्र वितरित करना शुरू कर दिया है. हालांकि, जब मेरे प्रतिनिधि ने पार्टी से संपर्क किया, तो उन्हें नामांकन पत्र देने से मना कर दिया गया. मेरे लिए संदेश स्पष्ट है. फिर भी, मैं आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए दृढ. संकल्पित हूं.” जीशान की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए पटोले ने कहा कि कुछ लोग खुद को पार्टी से ज्यादा महत्वपूर्ण समझने लगे हैं.

उन्होंने कहा, ”कांग्रेस शक्तिहीन नहीं है, लेकिन पार्टी में ऊपर उठने वाले कुछ लोग अब यह मानने लगे हैं कि वे पार्टी से भी अधिक महत्वपूर्ण हैं. कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और महाराष्ट्र के प्रभारी कल (राजीव गांधी की जयंती समारोह के लिए) मुंबई आएंगे और हम उन्हें इसकी जानकारी देंगे.” पटोले ने कहा कि जीशान के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी. पिछले महीने राज्य में विधान पार्षद चुनाव के दौरान कांग्रेस के छह विधायकों ने ‘क्रॉस वोटिंग’ की थी. ऐसी चर्चा थी कि जीशान सिद्दीकी उन छह विधायकों में शामिल थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu