
इंदौर. मशहूर संगीतकार उत्तम सिंह और पार्श्व गायिका केएस चित्रा को राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान से इंदौर में 28 सितंबर को नवाजा जाएगा. राज्य के संस्कृति विभाग के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी. इंदौर, मंगेशकर की जन्मस्थली है. राज्य सरकार ”सुरों की मलिका” के सम्मान में हर साल उनकी जयंती पर सुगम संगीत के कलाकारों को राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान प्रदान करती है.
उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत एवं कला अकादमी के निदेशक जयंत भिसे ने बताया कि उत्तम सिंह को वर्ष 2022 का राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान मिलेगा, जबकि केएस चित्रा को 2023 के लिए यह प्रतिष्ठित अलंकरण प्रदान किया जाएगा. उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने इंदौर में मंगेशकर की याद में सभागार बनवाया है और पहली बार इस सभागार में राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा. मंगेशकर का जन्म इंदौर में 28 सितंबर 1929 को हुआ था. उन्होंने मुंबई में छह फरवरी 2022 को आखिरी सांस ली थी.
वर्ष 1984 में स्थापित राष्ट्रीय लता मंगेशकर सम्मान, सुगम संगीत के क्षेत्र में कलात्मक श्रेष्ठता को प्रोत्साहित करने के लिए प्रदेश के संस्कृति विभाग का दिया जाने वाला सालाना अलंकरण है. इससे सम्मानित कलाकार को दो लाख रुपये की राशि और प्रशस्ति पट्टिका भेंट की जाती है. गुजरे बरसों में नौशाद, किशोर कुमार और आशा भोंसले सरीखी हस्तियों को भी इस सम्मान से नवाजा जा चुका है.



