शाह शनिवार को रायपुर में नक्सल प्रभावित राज्यों के अंतर-राज्यीय समन्वय की समीक्षा करेंगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 21 Aug 2024 07:13 PM
शाह शनिवार को रायपुर में नक्सल प्रभावित राज्यों के अंतर-राज्यीय समन्वय की समीक्षा करेंगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली/रायपुर. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को छत्तीसगढ़ के रायपुर में आयोजित होने वाली एक उच्च स्तरीय बैठक में नक्सल प्रभावित राज्यों के बीच अंतर-राज्यीय समन्वय की समीक्षा करेंगे. सूत्रों ने बुधवार को यहां बताया कि उसी दिन एक अन्य बैठक में शाह छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास की दिशा में उठाए गए कदमों की भी समीक्षा करेंगे.

अंतर-राज्यीय समन्वय बैठक में छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के मुख्य सचिवों और पुलिस महानिदेशकों के अलावा केंद्र सरकार के शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों के भी शामिल होने की उम्मीद है. छत्तीसगढ़ के अपने तीन दिवसीय दौरे में शाह रायपुर में महाप्रभु वल्लभाचार्य आश्रम भी जाएंगे, राज्य की राजधानी में स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) के कामकाज की समीक्षा करेंगे और सहकारिता मंत्रालय से संबंधित बैठक में भाग लेंगे.

इससे पहले, शाह ने कहा था कि पिछले वर्ष के अंत में राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार आने के बाद, सिर्फ पांच महीनों में लगभग 125 नक्सली मारे गए, 352 से अधिक गिरफ्तार किए गए और लगभग 175 ने आत्मसमर्पण किया. सुरक्षार्किमयों ने 16 अप्रैल को छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में 29 नक्सलियों को मार गिराया था. माओवादियों के खिलाफ लड़ाई के इतिहास में यह एक मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की सबसे ज्यादा संख्या थी.

केंद्रीय गृह मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, वामपंथी उग्रवाद की घटनाओं की संख्या 2004 से 2014 के दशक में 14,862 थी जो 2014 से 2023 के बीच घटकर 7,128 रह गई. वामपंथी उग्रवाद की घटनाओं में सुरक्षा बल के र्किमयों की मृत्यु की संख्या में 72 प्रतिशत की कमी आई है. 2004 से 2014 की अवधि में 1,750 सुरक्षा र्किमयों की जान गई थी जो 2014 से 2023 के बीच घटकर 485 हो गई है.
साल 2010 में हिंसा प्रभावित जिलों की संख्या 96 थी जिसमें 53 प्रतिशत कमी आई है और 2022 में यह घटकर 45 रह गए हैं.

अमित शाह 23 अगस्त को रायपुर आएंगे, 25 अगस्त तक हैं उनके कई कार्यक्रम

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचेंगे तथा 25 अगस्त तक अंतरराज्यीय समन्वय बैठक समेत कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे. अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 23 से 25 अगस्त तक रायपुर प्रवास पर रहेंगे. केन्­द्रीय मंत्री का आगमन 23 अगस्त को रात 10 बजे होगा.

उन्होंने बताया कि अपने प्रवास के दौरान शाह 24 अगस्त को सुबह साढ़े दस बजे महाप्रभु वल्लभाचार्य आश्रम का दौरा करेंगे तथा उसके बाद वह यहां साढ़े 11 बजे होटल ‘मेफेयर’ में छत्तीसगढ़ तथा पड़ोसी राज्यों के मुख्य सचिवों और पुलिस महानिदेशकों के साथ अंतरराज्यीय समन्वय बैठक में शामिल होंगे. अधिकारियों ने बताया कि बैठक के बाद शाह दोपहर ढ़ाई बजे छत्तीसगढ़ के वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास संबंधी बैठक में शामिल होंगे.

उन्होंने बताया कि शाह 25 अगस्त को सुबह साढ़े दस बजे यहां नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के कार्यालय का उद्घाटन करेंगे तथा समीक्षा बैठक में भाग लेंगे. इसके बाद होटल ‘मेफेयर’ में वह दोपहर डेढ़ बजे छत्तीसगढ़ में सहकारिता के विस्तार से संबंधित बैठक में शामिल होंगे. पिछले साल विधानसभा चुनाव में भाजपा के सत्ता में आने के बाद से छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान में तेजी आई है. इस वर्ष अब तक राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षाबलों ने 142 नक्सलियों को मार गिराया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu