फिल्म ‘स्त्री 2’ अच्छी व बंधी हुई कहानियों की सफलता का प्रमाण है: करण जौहर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 21 Aug 2024 10:21 PM
फिल्म ‘स्त्री 2’ अच्छी व बंधी हुई कहानियों की सफलता का प्रमाण है: करण जौहर
ऑडियो सुनें

मुंबई. फिल्म निर्माता करण जौहर ने मंगलवार को कहा कि हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘स्त्री 2’ की सफलता हिंदी सिनेमा के लिए खुशी की बात है क्योंकि पिछले कुछ वर्ष बॉक्स ऑफिस पर उसके लिए अच्छे नहीं रहे, जिससे कई सवाल भी खड़े हुए हैं. फिल्म ‘स्त्री 2’ के निर्देशक अमर कौशिक हैं और इसका निर्माण ‘मैडॉक फिल्म्स’ के बैनर तले किया गया. यह 15 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी. राजकुमार राव और श्रद्धा कपूर अभिनीत यह फिल्म 2018 में रिलीज हुई ‘स्त्री’ का अगला संस्करण है. ‘स्त्री-2’ दुनियाभर में 300 करोड़ रुपये की कमाई करने के करीब पहुंच गई है.

जौहर ने सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर लिखा, फिल्म ‘स्त्री 2’ ने दिखा दिया है कि अच्छी व बंधी हुई कहानियों के दम पर बॉक्स ऑफिस पर सफलता हासिल की जा सकती है. फिल्म निर्माता ने कहा, ” ‘स्त्री 2’ की जबरदस्त सफलता केवल ‘मैडॉक फिल्म्स’ के लिए नहीं, बल्कि यह हिंदी सिनेमा तथा मुख्यधारा सिनेमा के लिए भी खुशी की बात है… पिछले कुछ वर्षों में हिंदी सिनेमा को बॉक्स ऑफिस पर चुनौतियों का सामना करना पड़ा है और इससे कई सवाल भी खड़े हुए…वैश्विक महामारी के बाद दर्शकों की पसंद बदली है और कई बार उसे समझना मुश्किल हो जाता है..”

उन्होंने कहा, ” फिल्म ‘स्त्री 2’ की सफलता ने साबित कर दिया है कि अच्छी तथा बंधी हुई कहानी के दम पर अच्छा प्रदर्शन किया जा सकता है…” फिल्म निर्माता ने अभिषेक बनर्जी, पंकज त्रिपाठी और अपारशक्ति खुराना सहित फिल्म के कलाकारों और सभी सदस्यों को भी फिल्म की सफलता के लिए बधाई दी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu