फिल्म ‘कल्कि..’ में प्रभास की भूमिका पर टिप्पणियों को लेकर सुधीर बाबू, अजय भूपति ने की अरशद की आलोचना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 21 Aug 2024 10:19 PM
फिल्म ‘कल्कि..’ में प्रभास की भूमिका पर टिप्पणियों को लेकर सुधीर बाबू, अजय भूपति ने की अरशद की आलोचना
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अभिनेता सुधीर बाबू और निर्देशक अजय भूपति ने फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ में प्रभास की भूमिका पर टिप्पणियों को लेकर अरशद वारसी की आलोचना की है. उन्होंने कहा कि अपनी राय व्यक्त करने का एक तरीका होता है और किसी के बारे में बुरा-भला कहना ठीक नहीं है. फिल्म ‘मुन्ना भाई’ के अभिनेता ने पिछले सप्ताह एक पॉडकास्ट में कहा था कि फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ में प्रभास ”जोकर की तरह” लग रहे थे.

अभिनेता से पूछा गया था कि उन्होंने आखिरी खराब फिल्म कौन-सी देखी थी, इसके जवाब में उन्होंने ‘कल्कि 2898 एडी’ का नाम लिया था. वारसी ने फिल्म में अमिताभ बच्चन के अभिनय की प्रशंसा की, लेकिन उन्होंने कहा कि इस फिल्म में प्रभास ”एक जोकर की तरह” लग रहे थे. वारसी की इन टिप्पणियां पर प्रभास के प्रशंसकों के साथ-साथ तेलुगु फिल्मों से जुड़े कई लोगों ने आपत्ति जतायी है.

तेलुगु फिल्म ‘सम्मोहनम’ और हिंदी फिल्म ‘बागी’ के अभिनेता सुधीर बाबू ने कहा कि उन्होंने वारसी से कभी ऐसे ” गैर-पेशेवर रवैये की ” उम्मीद नहीं की थी. अभिनेता ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ” तर्कपूर्ण तरीके से आलोचना करना ठीक है, लेकिन बुरा-भला कहना कभी भी ठीक नहीं है… छोटी सोच वाले लोगों की टिप्पणियों के आगे प्रभास का कद बहुत बड़ा है.” तेलुगू फिल्म ‘आरएक्स 100’ के निर्देशक भूपति ने आरोप लगाया कि वारसी फिल्म ‘बाहुबली’ के अभिनेता से ईष्र्या करते हैं.

फिल्म निर्माता ने कहा, ” प्रभास वह व्यक्ति है जिसने भारतीय सिनेमा को दुनियाभर के दर्शकों तक पहुंचाने के लिए अपना सबकुछ दिया है.. वह इसके लिए अब भी कुछ भी करने को तैयार हैं. वह हमारे देश का गौरव हैं. हम उस फिल्म और प्रभास के प्रति आपकी ईष्र्या देख सकते हैं क्योंकि आप अब उतने लोकप्रिय नहीं है और कोई आप पर ध्यान नहीं देता है. अपनी राय व्यक्त करने की एक सीमा और एक तरीका होता है… ऐसा लगता है कि आपने उसके बारे में जो कहा है, वह आप खुद हैं.” फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ में कमल हासन और दीपिका पादुकोण जैसे कलाकार भी थे. यह 27 जून को तेलुगु, तमिल, मलयालम, कन्नड़, हिंदी और अंग्रेजी भाषा में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu