‘अग्निपथ’ योजना को लेकर राजनीति कर रहे हैं राहुल गांधी: अमित शाह

लोहारू. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को ‘अग्निपथ’ सैन्य भर्ती योजना को लेकर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह (कांग्रेस नेता) इस मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं. शाह ने यह आरोप भी लगाया कि राहुल गांधी और नेशनल कॉन्फ्रेंस नेता उमर अब्दुल्ला का एजेंडा चुनाव (जम्मू कश्मीर में) के बाद सभी आतंकवादियों को रिहा कराने और पाकिस्तान के साथ वार्ता का है. शाह हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए पांच अक्टूबर को होने वाले मतदान से पहले लोहारू से भाजपा उम्मीदवार जे पी दलाल के समर्थन में एक रैली को संबोधित कर रहे थे. शाह ने ‘वन रैंक वन पेंशन’ योजना लागू नहीं करने के लिए कांग्रेस को आड़े हाथ लिया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस योजना को लागू किया था.

उन्होंने हरियाणा में अपनी पहली चुनावी रैली में राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया, ”अग्निवीर योजना लागू कर दी गई है. कांग्रेस, खासतौर पर राहुल ‘बाबा’ (राहुल गांधी) राजनीति कर रहे हैं.” शाह ने कहा, ”मैं हरियाणा के युवाओं को कहना चाहता हूं कि ‘हुड्डा एंड कंपनी’ का काम झूठ फैलाना है और वे कह रहे हैं कि बाद में अग्निवीरों का क्या होगा… लेकिन मैं जो कहता हूं, करता हूं.” उन्होंने कहा, ”अगर कोई अग्निवीर लौटता है, तो वह बिना नौकरी के नहीं रहेगा और इसकी जिम्मेदारी भाजपा लेती है.” रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, पार्टी के हरियाणा प्रभारी बिप्लब कुमार देब, राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी और अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे.

जनगणना की घोषणा ‘बहुत जल्द’ होगी: अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि सरकार देश में जनगणना कराने के लिए ”बहुत जल्द” घोषणा करेगी. जनगणना के बारे में सवाल पूछे जाने पर शाह ने कहा, ”हम बहुत जल्द इसकी घोषणा करेंगे.” हर 10 साल में होने वाली जनगणना की कवायद में कोविड-19 महामारी के कारण देरी हुई है.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के तीसरे कार्यकाल के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर शाह ने सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ”जब हम जनगणना की घोषणा करेंगे तो हम सभी विवरण सार्वजनिक करेंगे.” भारत में 1881 से हर 10 साल में जनगणना की जाती है. इस दशक की जनगणना का पहला चरण एक अप्रैल, 2020 को शुरू होना था लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण इसे स्थगित करना पड़ा.

मौजूदा कार्यकाल में ही ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ लागू करने की योजना: अमित शाह

गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली राजग सरकार अपने मौजूदा कार्यकाल में ही ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ को लागू करेगी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के तीसरे कार्यकाल के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, ”हमारी योजना इस सरकार के कार्यकाल के दौरान ही ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ की व्यवस्था लागू करने की है. संवाददाता सम्मेलन में शाह के साथ सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव भी मौजूद थे.

पिछले महीने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ की जोरदार वकालत की थी और कहा था कि बार-बार चुनाव होने से देश की प्रगति में बाधा उत्पन्न हो रही है. मोदी ने लाल किले की प्राचीर से अपने संबोधन में कहा था, ”देश को ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ के लिए आगे आना होगा.” ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ भाजपा द्वारा लोकसभा चुनाव के लिए अपने घोषणापत्र में किए गए प्रमुख वादों में से एक है.

वक्फ विधेयक का उद्देश्य वक्फ संपत्तियों का संरक्षण, संसद में होगा पारित : शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि वक्फ (संशोधन) विधेयक का उद्देश्य वक्फ संपत्तियों का प्रबंधन और संरक्षण सुनिश्चित करना है और इसे आने वाले दिनों में संसद में पारित किया जाएगा. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार के तीसरे कार्यकाल के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में शाह ने कहा कि यह विधेयक वक्फ संपत्तियों के दुरुपयोग को भी रोकेगा.

वक्फ (संशोधन) विधेयक पिछले महीने लोकसभा में पेश किया गया था और इसकी विस्तृत समीक्षा के लिए इसे संसद की संयुक्त समिति को भेज दिया गया था. विपक्षी दलों ने विधेयक के मसौदे के कुछ प्रावधानों पर कड़ी आपत्ति जताई है. एक सरकारी अधिकारी ने कहा कि विधेयक का उद्देश्य संघर्ष और विवादों को कम करना है. इसमें वक्फ संपत्तियों के ऑनलाइन पंजीकरण और निगरानी के लिए एक डिजिटल प्लेटफॉर्म स्थापित करने का भी प्रावधान है. पहले 100 दिनों में सरकार की उपलब्धियों को सूचीबद्ध करते हुए एक अधिकारी ने कहा कि पांच करोड़ आदिवासियों की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में सुधार लाने के उद्देश्य से 63,000 आदिवासी गांवों का विकास किया जाएगा.

रेल हादसों की साजिश लंबे समय तक नहीं चल पाएंगी, सरकार जल्द लाएगी सुरक्षा योजना: अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि रेल दुर्घटनाएं कराने की कोई भी साजिश लंबे समय तक नहीं चल पाएगी और सरकार देशभर में 1.10 लाख किलोमीटर लंबे रेलवे नेटवर्क की सुरक्षा के लिए जल्द एक योजना का अनावरण करेगी. शाह का यह बयान देश में पिछले दिनों हुईं रेल दुर्घटनाओं की पृष्ठभूमि में आया है. इनमें अधिकतर में रेलवे पटरियों पर अवरोधक रखे गए थे और तोड़फोड़ एवं नुकसान पहुंचाने की साजिश नजर आई.

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के तीसरे कार्यकाल के 100 दिन पूरे होने के मौके पर संवाददाता सम्मेलन में गृह मंत्री ने कहा कि उन्होंने पिछले दो दिन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के साथ रेलवे सुरक्षा के मुद्दे पर चर्चा की है. उन्होंने वैष्णव के साथ प्रेस वार्ता में कहा, ”जहां तक दुर्घटनाओं की बात है हम इसकी जड़ तक पहुंचकर कारण का पता लगाएंगे. जो भी कारण हो, सरकार इस मुद्दे पर ध्यान देने के लिए प्रतिबद्ध है. अगर कोई साजिश है तो लंबे समय तक नहीं चलेगी. अगर कोई कमी है, तो उसे दूर किया जाएगा.” शाह ने कहा कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए), रेलवे पुलिस और गृह मंत्रालय रेलवे नेटवर्क की सुरक्षा के लिए योजना तैयार कर रहे हैं ताकि कोई षड्यंत्र न रचा जा सके.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button