केंद्रीय मंत्री बी संजय कुमार ने धर्मनिरपेक्षता पर टिप्पणी को लेकर पवन कल्याण का समर्थन किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 24 Sep 2024 07:55 PM
केंद्रीय मंत्री बी संजय कुमार ने धर्मनिरपेक्षता पर टिप्पणी को लेकर पवन कल्याण का समर्थन किया
ऑडियो सुनें

हैदराबाद. केंद्रीय मंत्री बी संजय कुमार ने मंगलवार को आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण का पुरजोर समर्थन किया, जिन्होंने कहा था कि धर्मनिरपेक्षता एकतरफा रास्ता नहीं बल्कि दोतरफा रास्ता है, जिसमें सभी पंथों को शामिल किया जाना चाहिए.
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बी संजय कुमार ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि वह पूरी तरह से कल्याण के साथ हैं.
उन्होंने कहा, “आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की प्रभावशाली टिप्पणी और मैं पूरी तरह से उनके साथ खड़ा हूं.”

कुमार ने कल्याण की टिप्पणियों का हवाला देते हुए कहा, “यदि कोई सनातन धर्म के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश करता है, तो हम सभी हिंदू उचित रूप से आवाज उठाएंगे. धर्मनिरपेक्षता दोतरफा रास्ता है. यदि आप उम्मीद करते हैं कि हम मार खाएं जबकि अन्य को लाड़-प्यार मिले, तो ऐसा नहीं होने वाला है. हम चुप रहकर बर्दाश्त नहीं करेंगे.” इस बीच अभिनेता प्रकाश राज ने तिरुपति लड्डू विवाद पर अपनी पूर्व की टिप्पणियों पर कल्याण की प्रतिक्रिया का जवाब दिया.

प्रकाश राज ने ‘एक्स’ पर कहा, “प्रिय पवन कल्याण…मैंने आपकी प्रेस वार्ता देखी… मैंने जो कहा और आपने जो गलत व्याख्या की, वह आश्चर्यजनक है… मैं विदेश में शूटिंग कर रहा हूं. वापस आकर आपके सवालों का जवाब दूंगा… इस बीच यदि आप मेरे पिछले ट्वीट को देखें तो मैं सराहना करुंगा.” कल्याण ने मंगलवार को विजयवाड़ा में कनक दुर्गा मंदिर में एक सफाई कार्यक्रम में भाग लिया जो तिरुपति लड्डू प्रसादम बनाने में मिलावटी घी के उपयोग के आरोपों के बाद 11 दिवसीय ‘प्रायश्चित’ का हिस्सा था. पार्टी नेताओं के साथ, कल्याण ने मंदिर की सीढि.यों को धोया.

कल्याण ने मंदिर में संवाददाताओं से कहा, “मैं सनातन धर्म का पालन करता हूं. हम राम भक्त हैं, हमारे घर में राम जपम होता था.” उन्होंने कहा कि भारत में मुस्लिम, ईसाई और पारसी जैसे सभी धर्म समान रूप से समायोजित हैं. हालांकि, जनसेना नेता कल्याण ने कहा कि धर्मनिरपेक्षता की अवधारणा एकतरफा नहीं बल्कि दोतरफा है, जिसमें सभी धर्मों को शामिल किया जाना चाहिए. लड्डू विवाद को लेकर उनके ट्वीट पर प्रकाश राज के जवाब पर आपत्ति जताते हुए कल्याण ने आश्चर्य जताया कि इस मुद्दे में प्रकाश राज की क्या भूमिका है.

उन्होंने पूछा, “प्रकाश राज ने मेरे खिलाफ टिप्पणी की. मैं हिंदुओं के साथ हुए अपवित्रीकरण की बात कर रहा था. इसमें प्रकाश राज की क्या भूमिका है? क्या मैंने किसी दूसरे धर्म का अपमान किया… क्या मुझे तब नहीं बोलना चाहिए जब कोई गलती हो, जब कोई अपवित्रीकरण हुआ हो?” प्रकाश राज ने कहा था कि कथित तिरुपति लड्डू मामला तब हुआ जब कल्याण उपमुख्यमंत्री हैं. उन्होंने कहा कि जब देश पहले से ही कई सांप्रदायिक तनावों से घिरा हुआ है, तो कल्याण कथित तौर पर इस मुद्दे को क्यों बढ़ा रहे हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu