जीवन, विजय की जोड़ी हांगझोउ ओपन की विजेता बनी, भांबरी-ओलिवेटी चेंगदू ओपन में उपविजेता रहे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 24 Sep 2024 08:51 PM
जीवन, विजय की जोड़ी हांगझोउ ओपन की विजेता बनी, भांबरी-ओलिवेटी चेंगदू ओपन में उपविजेता रहे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारत के जीवन नेदुनचेझियान और उनके जोड़ीदार विजय सुंदर प्रशांत ने मंगलवार को हांगझोउ ओपन का चैम्पियन बनने के साथ पुरुष युगल में जोड़ी के रूप में अपना पहला एटीपी खिताब जीता, जबकि युकी भांबरी और फ्रांस के उनके जोड़ीदार अल्बानो ओलिवेटी मंगलवार को चेंगदू ओपन में उपविजेता रहे.

जीवन और विजय की गैरवरीय भारतीय जोड़ी ने एक घंटे और 49 मिनट तक चले मुकाबले में कॉन्स्टेंटिन फ्रांत्जेन और हेंड्रिक जेबेंस की गैर वरीयता प्राप्त जर्मन जोड़ी को 4-6, 7-6(5), 10-7 से शिकस्त दी. पैंतीस साल के जीवन के लिए यह एटीपी टूर स्तर का दूसरा खिताब है. उन्होंने 2017 में रोहन बोपन्ना के साथ चेन्नई ओपन जीता था. विजय के लिए यह एटीपी टूर का पहला खिताब है.
भारतीय जोड़ी ने शुरुआती सेट को 4-6 से गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए दूसरे सेट को 7-6 से जीतकर मुकाबले को टाई-ब्रेक तक खींचा. टाई ब्रेक में भारतीय जोड़ी 10-7 से आगे रही.

जीवन और विजय की जोड़ी अपनी र्सिवस पर अंक भुनाने के मामले में शानदार रही. इससे पहले भांबरी और ओलिवेटी की जोड़ी चेंगदू ओपन के रोमांचक फाइनल में शीर्ष वरीयता प्राप्त फ्रांस के सादियो डौम्बिया और फैबियन रेबौल की जोड़ी से 4-6, 6-4, 4-10 से हारकर अपने तीसरे खिताब से चूक गयी. लगभग डेढ़ घंटे तक चले मैच में शुरुआती सेट को गंवाने के बाद भांबरी और ओलिवेटी ने दूसरा सेट जीतकर मुकाबले को टाई-ब्रेक तक पहुंचा दिया.

भारत और फ्रांस के खिलाड़ियों की जोड़ी ने अपने प्रतिद्वंद्वी के दो ऐस की तुलना में छह ऐस लगाये लेकिन छह डबल फॉल्ट करना उन्हें महंगा पड़ा. फ्रांस की जोड़ी के लिए यह भांबरी-ओलिवेटी पर उनकी पहली जीत थी. भांबरी और ओलिवेटी की जोड़ी ने इस साल अप्रैल में म्यूनिख में बीएमडब्ल्यू ओपन और मई में गस्ताद में स्विस ओपन के खिताब जीते थे.

भारत के शीर्ष एकल खिलाड़ी सुमित नागल को भी बीजिंग ओपन के क्वालीफाइंग चरण में हार का सामना करना पड़ा. चोट के कारण डेविस कप मुकाबले से हटने वाले नागल अमेरिकी ओपन के बाद कोर्ट में वापसी कर रहे हैं. विश्व रैंकिंग में 83वें स्थान पर काबिज नागल को एक घंटे 52 मिनट तक चले मुकाबले में 63वीं रैंकिंग के खिलाड़ी रूस के पावेल कोटोव ने 6-2, 7-6 से हराया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu