जम्मू कश्मीर में सरकार गठन टालने का रशीद का सुझाव भाजपा के हाथों में खेलना है: उमर अब्दुल्ला

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 07 Oct 2024 08:03 PM
जम्मू कश्मीर में सरकार गठन टालने का रशीद का सुझाव भाजपा के हाथों में खेलना है: उमर अब्दुल्ला
ऑडियो सुनें

श्रीनगर. नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को कहा कि राज्य का दर्जा बहाल होने तक जम्मू कश्मीर में सरकार गठन को टालने का लोकसभा सदस्य शेख अब्दुल रशीद का सुझाव भाजपा के हाथों में खेलना है, जो जम्मू कश्मीर में केंद्र का शासन बढ़ाना चाहती है.

अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ”वह आदमी 24 घंटे के लिए दिल्ली जाता है और वापस आकर सीधे भाजपा के हाथों में खेलता है. यदि भाजपा सरकार बनाने की स्थिति में नहीं है, तो वह जम्मू कश्मीर में केंद्रीय शासन को बढ़ाने के अलावा और कुछ नहीं चाहेगी.” वह राशिद की उस अपील पर प्रतिक्रिया दे रहे थे, जिसमें उन्होंने सभी गैर-भाजपा दलों से सरकार गठन में देरी करने की गुजारिश की थी. यह अपील राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए केंद्र पर दबाव बनाने की रणनीति के तौर पर की गई थी.

नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला के इस बयान पर कि नेशनल कॉन्फ्रेंस जरूरत पड़ने पर पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) का समर्थन लेगी, उमर अब्दुल्ला ने कहा कि यह सब समय से पहले की अटकलें हैं. नेशनल कॉन्फ्रेंस उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने ‘एक्स’ पर एक अन्य पोस्ट में कहा, ”उन्होंने समर्थन नहीं दिया है, उन्होंने समर्थन की पेशकश नहीं की है और हम अभी तक नहीं जानते कि मतदाताओं ने क्या निर्णय लिया है, इसलिए मैं वास्तव में चाहता हूं कि हम अगले 24 घंटे के लिए इन सभी समयपूर्व अटकलों पर रोक लगा दें.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu