उमर ने विधायक दल का नेता चुनने के लिए नेशनल कांफ्रेंस के विधायकों को दिया धन्यवाद

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 10 Oct 2024 07:27 PM
उमर ने विधायक दल का नेता चुनने के लिए नेशनल कांफ्रेंस के विधायकों को दिया धन्यवाद
ऑडियो सुनें

श्रीनगर. उमर अब्दुल्ला ने नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) के विधायकों को उन्हें अपना नेता चुनने के लिए बृहस्पतिवार को धन्यवाद दिया.
अब्दुल्ला ने यहां विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद संवाददाताओं से कहा, ”जो फैसला किया गया है, उसके बारे में आप सभी को जानकारी है. नेकां विधायक दल की बैठक हुई, विधायक दल ने अपना नेता तय कर लिया है और मैं पार्टी विधायकों का तहे दिल से शुक्रगुजार हूं, कि उन्होंने मुझ पर भरोसा जताया और मुझे सरकार बनाने का दावा पेश करने का मौका दिया.” उन्होंने कहा कि सात में से चार निर्दलीय विधायकों ने पार्टी को को समर्थन दे दिया है, जिससे पार्टी का विधानसभा में आंकड़ा बढ़कर 46 हो गया है.

अब्दुल्ला ने कहा, ”कांग्रेस के साथ बातचीत की जा रही है. उन्हें फैसला करने के लिए एक दिन का वक्त दिया गया है. जैसे ही वे हमें समर्थन पत्र देंगे, मैं सरकार बनाने का दावा पेश करूंगा.” जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनावों में नेकां सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, पार्टी को 42 सीटों पर जीत मिली है. वहीं, अपने सहयोगियों– कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के साथ वह विधानसभा में आसानी से बहुमत से आंकड़े तक पहुंच गई है. कांग्रेस को छह और माकपा को एक सीट मिली है. जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव 18 सितंबर, 25 सितंबर और एक अक्टूबर को तीन चरणों में हुए थे. मतों की गिनती आठ अक्टूबर को हुई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu