करिश्मा के चार विकेट, वेस्टइंडीज महिला टीम आठ विकेट से जीती

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 10 Oct 2024 10:41 PM
करिश्मा के चार विकेट, वेस्टइंडीज महिला टीम आठ विकेट से जीती
ऑडियो सुनें

शारजाह. वेस्टइंडीज ने ऑफ स्पिनर करिश्मा रामहैरक (17 रन देकर चार विकेट) की करिश्माई गेंदबाजी के बाद बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन से बृहस्पतिवार को यहां महिला टी20 विश्व कप के ग्रुप बी मैच में बांग्लादेश को 43 गेंद रहते आठ विकेट से से शिकस्त दी. वेस्टइंडीज की यह लगातार दूसरी जीत है जिससे वह चार अंक लेकर 1.708 के नेट रन रेट के आधार पर ग्रुप बी में शीर्ष पर पहुंच गया है जिससे उसकी सेमीफाइनल की संभावनायें मजबूत हुई. वहीं इस हार से बांग्लादेश का नेट रन रेट -0.835 हो गया.

बांग्लादेश की टीम बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद आठ विकेट पर 103 रन ही बना सकी. वेस्टइंडीज ने 12.5 ओवर में दो विकेट पर 104 रन बनाकर जीत दर्ज की. वेस्टइंडीज के लिए कप्तान हैली मैथ्यूज 22 गेंद में 34 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहीं. स्टेफनी टेलर ने रिटायर्ड हर्ट होने से पहले 27 रन और शमैन कैंपबेल ने 21 रन बनाये. डायंड्रा डोटिन ने सात गेंद में दो छक्के और एक चौके से नाबाद 19 रन बनाये. डायंड्रा ने 13वें ओवर में दो गगनदायी छक्के जड़कर वेस्टइंडीज को लक्ष्य तक पहुंचाया.

इससे पहले बांग्लादेश की बल्लेबाजी इकाई पिछले दो मैचों की तरह इस मुकाबले में भी रन जुटाने में विफल रही जिसमें कप्तान निगार सुल्ताना 39 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहीं. उनके अलावा दिलारा अख्तर ने 19 रन का योगदान दिया. शोभना मोस्तारी ने बांग्लादेश को स्कॉटलैंड के खिलाफ प्रतिस्पर्धी स्कोर बनाने में मदद की थी और इंग्लैंड के खिलाफ 44 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रही थीं. लेकिन वह 16 रन ही बना सकीं.

वेस्टइंडीज के लिए करिश्मा के अलावा ऐफी फ्लेचर ने 25 रन देकर दो विकेट प्राप्त किये. कप्तान हेली मैथ्यूज को एक विकेट मिला.
कप्तान मैथ्यूज ने टॉस जीतकर बांग्लादेश को बल्लेबाजी का न्योता दिया और उसकी गेंदबाज करिश्मा ने अपने दो ओवरों में एक एक विकेट झटककर अच्छी शुरूआत की.

बांग्लादेश की सलामी बल्लेबाज साथी रानी को स्टंप आउट कराने के बाद करिश्मा ने दिलारा अख्तर (19 रन) को बोल्ड कर दिया जिससे 33 रन पर दो विकेट गिर चुके थे. शोभना और सुल्ताना ने तीसरे विकेट के लिए 40 रन की साझेदारी करके स्कोर 73 रन तक पहुंचाया. पर फिर करिश्मा ने शोभना को विकेटकीपर के हाथों स्टंप आउट कराया. ताज नहर और शोरना अख्तर आते ही पवेलियन लौट गईं जिससे स्कोर पांच विकेट पर 75 रन हो गया. ऋतु मोनी (10 रन) करिश्मा का चौथा शिकार हुईं. अंतिम ओवर में वेस्टइंडीज की कप्तान मैथ्यूज ने बांग्लादेश की कप्तान निगार को आउट किया और फाहिमा खातून रन आउट हुईं. बांग्लादेश की पारी में सिर्फ नौ चौके लगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu