ऑस्ट्रेलिया की सांसद ने राजा चार्ल्स से कहा : आप मेरे राजा नहीं हैं

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 21 Oct 2024 07:55 PM
ऑस्ट्रेलिया की सांसद ने राजा चार्ल्स से कहा : आप मेरे राजा नहीं हैं
ऑडियो सुनें

कैनबरा. ऑस्ट्रेलियाई संसद का दौरा करने पहुंचे राजा चार्ल्स तृतीय से यहां की एक सांसद ने सोमवार को कहा कि यह देश ब्रिटेन के राजा की जमीन नहीं है. आदिवासी सांसद लिडिया थोर्पे ने शाही दंपति के संसद में पहुंचने पर चिल्लाते हुए कहा कि ब्रिटिश उपनिवेशवादियों ने ऑस्ट्रेलिया के मूल निवासियों की जमीनें और हड्डियां तक छीन ली थीं, जिसके बाद उन्हें (थोर्पे) को संसद से बाहर ले जाया गया.

थोर्पे ने कहा, “आपने (ब्रिटेन के राजा) हमारे लोगों का कत्लेआम किया. आपने हमारा जो भी लिया है, हमें लौटाइए- चाहे वे हमारी हड्डियां, हमारी खोपड़ियां, हमारे बच्चे और हमारे लोग ही क्यों न हों. आपने हमारी धरती तबाह कर दी. हमारे साथ संधि कीजिए. हमें संधि चाहिए.” ब्रिटिश उपनिवेशवादियों और ऑस्ट्रेलिया के मूल निवासियों (आदिवासियों) के बीच आज तक कोई संधि नहीं हुई.
चार्ल्स ने तुरंत ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज से दबी आवाज में कुछ बातचीत की और सुरक्षा अधिकारियों ने थोर्पे को उनके करीब जाने से रोक दिया.

सभागार से बाहर थोर्पे ने चिल्लाते हुए कहा, “यह आपकी (चार्ल्स) जमीन नहीं है. आप मेरे राजा नहीं हैं.” थोर्पे को उनके कई र्चिचत विरोध प्रदर्शनों के लिए जाना जाता है. जब 2022 में थोर्पे को सांसद पद की शपथ दिलाई गयी थी तब उन्हें तत्कालीन महारानी “एलिजाबेथ द्वितीय” को उपनिवेशवादी कहने की अनुमति नहीं मिली थी.

अल्बानीज चाहते हैं कि देश एक गणतंत्र बने और उसका राष्ट्राध्यक्ष कोई ऑस्ट्रेलियाई हो. उन्होंने चार्ल्स का स्वागत करते हुए अपने भाषण में इस मुद्दे का अप्रत्यक्ष रूप से संदर्भ दिया. उन्होंने कहा, “आपने (चार्ल्स) ऑस्ट्रेलियाई लोगों के प्रति बहुत सम्मान दिखाया है. यहां तक कि उस समय भी जब हमने अपनी संवैधानिक व्यवस्थाओं के भविष्य और राजा के साथ अपने संबंधों को लेकर बहस की थी.” प्रधानमंत्री ने कहा, “कुछ भी स्थिर नहीं रहता.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu