कांग्रेस को झटका: पूर्व युवा अध्यक्ष ने पलक्कड से निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 22 Oct 2024 01:34 PM
कांग्रेस को झटका: पूर्व युवा अध्यक्ष ने पलक्कड से निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की
ऑडियो सुनें

पलक्कड: केरल में कांग्रेस को झटका देते हुए युवा कांग्रेस के पूर्व नेता ए के शानिब ने मंगलवार को घोषणा की कि वह पलक्कड विधानसभा सीट पर उपचुनाव निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर लड़ेंगे। शानिब ने इस सीट से युवा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल ममकूटाथिल को प्रत्याशी बनाए जाने के विरोध में पिछले सप्ताह पार्टी से इस्तीफा देने की घोषणा की थी। उन्होंने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में अपनी उम्मीदवारी का ऐलान किया।

उन्होंने कहा कि वह अपना नामांकन 24 अक्टूबर को दाखिल करेंगे। इस सीट पर निवर्तमान विधायक एवं कांग्रेस नेता शफी पराम्बिल के हाल में हुए संसदीय चुनावों में वडाकरा सीट से लोकसभा में चुने जाने के बाद उपचुनाव कराने की आवश्यकता पैदा हुई है।

विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीसन और पराम्बिल के खिलाफ अपने आरोपों को दोहराते हुए शानिब ने कहा कि उन्होंने यह सुनिश्चित करने के बाद ही निर्णय लिया है कि उनकी उम्मीदवारी से भाजपा को किसी भी तरह फायदा न मिले।

शानिब ने पहले सतीसन पर ‘दो अन्य’ लोगों के साथ पार्टी पर ‘‘कब्जा’’ जमाने और भाजपा को फायदा पहुंचाने के लिए पलक्कड में उपचुनाव कराने के लिए पराम्बिल को पलक्कड से वडाकरा लोकसभा सीट पर स्थानांतरित करने का आरोप लगाया था।

कांग्रेस की डिजिटल मीडिया इकाई के पूर्व संयोजक पी. सरीन ने भी सतीसन तथा पराम्बिल के खिलाफ ऐसे ही गंभीर आरोप लगाए थे। वह पलक्कड से माकपा सर्मिथत निर्दलीय उम्मीदवार हैं। सरीन को पार्टी ने पहले ही निष्कासित कर दिया है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav