भारत पर 3-0 से ऐतिहासिक जीत के बाद लैथम ने कहा, घर पहुंचने पर जीत की खुशी ज्यादा होगी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 03 Nov 2024 08:06 PM
भारत पर 3-0 से ऐतिहासिक जीत के बाद लैथम ने कहा, घर पहुंचने पर जीत की खुशी ज्यादा होगी
ऑडियो सुनें

मुंबई. भारत के खिलाफ श्रृंखला में 3-0 की ऐतिहासिक जीत हासिल करने के बाद न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम ने रविवार को कहा कि इस उपलब्धि की अहमियत उन्हें घर लौटने पर ही महसूस होगी. बेंगलुरू में पहले टेस्ट में भारत को आठ विकेट से हराने के बाद न्यूजीलैंड ने पुणे और मुंबई में स्पिन के अनुकूल पिचों पर क्रमश: 113 रन और 25 रन से जीत दर्ज की.

लैथम ने यहां मीडिया से कहा, ”यह एक बड़ी उपलब्धि है. पहले टेस्ट के बाद यह निश्चित रूप से काफी विशेष जीत थी. फिर श्रृंखला जीतना तो और भी खास है.” उन्होंने कहा, ”हमने यहां जितना संभव हो सके उतना अनुकूल होने की कोशिश की और मैं 3-0 से श्रृंखला जीतने को कभी नहीं भूलूंगा.” लैथम ने कहा, ”हम निश्चित रूप से आज रात मिलकर इस जीत का जश्न मनायेंगे और यह जश्न स्वदेश लौटने के बाद अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा. यह निश्चित रूप से एक अद्भुत श्रृंखला रही है जिसका हिस्सा बनना शानदार है. जब हम घर लौटेंगे तो यह जीत और भी ज्यादा महत्वपूर्ण लगेगी. ” लैथम ने कहा, ”यह निश्चित रूप से न्यूजीलैंड क्रिकेट के लिए एक शानदार पल है. शायद न्यूजीलैंड क्रिकेट की श्रृंखला में सबसे बड़ी जीत में से एक है. ”

हम यहां आक्रामक बल्लेबाजी करना चाहते थे: टॉम लैथम

भारत के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट श्रृंखला में 3-0 से सूपड़ा साफ करने से बेहद खुश न्यूजीलैंड के कप्तान टॉम लैथम ने कहा कि उनके खिलाड़ी गेंद और बल्ले से आक्रामक और सक्रिय होकर मौके का फायदा उठाने में सफल रहे. भारतीय टीम जीत के लिए 147 रन का पीछा करते हुए अपनी दूसरी पारी में 121 रन पर आउट हो गयी. इस 25 रन की हार के साथ ही भारतीय टीम का घरेलू सरजमीं पर कम से कम तीन मैचों वाली टेस्ट श्रृंखला में पहली बार क्लीन स्वीप हुआ है.

लैथम ने मैच के बाद पुरस्कार समारोह में कहा, ” बहुत बहुत खुश हूं. श्रृंखला की शुरुआत से लेकर इस स्थिति तक पहुंचने के लिए खिलाड़ियों ने बहुत अच्छा काम किया है. मुंबई में इस जीत को हासिल करना और भी खास है. हम बल्ले और गेंद से मिली चुनौती से निपटने में सफल रहे.” उन्होंने कहा,” हमारी टीम हर मैदान की परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाने में सफल रही. खिलाड़ियों ने जिस तरह से अलग अलग परिस्थितियों में ने खुद को ढाला वो शानदार हैं. यह पूरी तरह से टीम प्रयास है. पिछले मैच में मिच (मिचेल सैंटनर) और इस मैच में एजाज (पटेल) ने बढि.या प्रदर्शन किया. हम यहां आक्रामक रूख अपनाना चाहते थे. बल्ले से आक्रामक रूख अपनाने के साथ हम गेंद से सजग प्रदर्शन करने की कोशिश कर रहे थे.” इस श्रृंखला से पहले न्यूजीलैंड को श्रीलंका में 0-2 की करारी शिकस्त मिली थी. लैथम ने श्रीलंका में टीम के प्रदर्शन का बचाव किया.

उन्होंने कहा, ” मुझे नहीं लगता कि हमने वहां खराब प्रदर्शन किया. भारत दौरे पर टॉस हमारे पक्ष में रहा और हम मैच में दबदबा बनाने के लिए रन बनाने में सफल रहे. ” मैच में 11 विकेट लेने कर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने एजाज पटेल ने कहा कि उन्होंने सिर्फ पिच का फायदा उठाने पर ध्यान केंद्रित किया और गेंद की उछाल को लेकर आश्वस्त थे. उन्हें इसका फायदा मिला.

उन्होंने कहा, ”स्पिन गेंदबाजी लय के बारे में है. जब आप लय में होते हैं तो यह इसका अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहते है. मैं सुबह के सत्र (दूसरे दिन) में भी आत्मविश्वास महसूस कर रहा था, लेकिन पिच से ज्यादा मदद नहीं मिली.” उन्होंने कहा, ”दोपहर के सत्र में गेंद ज्यादा हरकत कर रही थी और इससे मुझे आत्मविश्वास मिला. ऋषभ पंत ने पूरी श्रृंखला में शानदार बल्लेबाजी की. मुझे उन्हें आउट करने के लिए लीक से हटकर सोचना पड़ा और मैंने यह सुनिश्चित किया कि मैं एक नई योजना के साथ गेंदबाजी कर उनसे आगे रहूं.” विल यंग को तीन मैचों में 244 रन बनाने के लिए ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया.

उन्होंने कहा, ” भारत में एक जीत बड़ी बात थी लेकिन बार-बार जीतना बहुत बड़ी बात है. मैंने इसे सरल बनाए रखने की कोशिश की, कभी-कभी मुझे रक्षात्मक खेल पर भरोसा करने की ज.रूरत होती है और कभी-कभी मुझे तेजी से रन बनाने पर ध्यान देना होता था.” उन्होंने कहा, ” इस दौरे पर टीम के साथ हमने जो यादें बनाई है वह हमारे साथ रहेगी. हम एक दूसरे के साथ का लुत्फ उठाते हैं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu