किसानों के कल्याण में भाजपा की कोई दिलचस्पी नहीं: सिद्धरमैया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 03 Nov 2024 10:40 PM
किसानों के कल्याण में भाजपा की कोई दिलचस्पी नहीं: सिद्धरमैया
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने ”वक्फ मुद्दे” पर राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन करने की तैयारी कर रही भाजपा पर निशाना साधते हुए रविवार को आरोप लगाया कि उसका मकसद पूरी तरह से राजनीतिक है और किसानों के कल्याण में उसकी कोई दिलचस्पी नहीं है.

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का असली इरादा राजनीतिक लाभ के लिए सांप्रदायिक तनाव पैदा करना है. मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रदर्शन का मकसद किसानों के हितों की रक्षा करने का नहीं बल्कि कर्नाटक की सद्भावना को खतरा पहुंचाना है.
सिद्धरमैया ने कहा, ”मैं कर्नाटक के लोगों से इस विभाजनकारी, विनाशकारी एजेंडे को अस्वीकार करने और एक ऐसे कर्नाटक के निर्माण में हमारे साथ खड़े होने का आह्वान करता हूं जो सभी को एकजुट करे, प्रगति करे और समृद्ध करे.” राज्य के कुछ हिस्सों में किसानों के एक वर्ग ने आरोप लगाया है कि उनकी भूमि को वक्फ संपत्ति के रूप में चिह्नित किया गया है. मामले में भाजपा ने सत्तारूढ़ कांग्रेस पर ”भूमि जिहाद” का आरोप लगाया है तथा वक्फ मंत्री जमीर अहमद खान को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की है. पार्टी ने सोमवार को राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है.

हालांकि, मुख्यमंत्री ने शनिवार को अधिकारियों को निर्देश दिया था कि वे वक्फ भूमि के मुद्दों के संबंध में किसानों को भेजे गए सभी नोटिस तुरंत वापस ले लें तथा इस बात पर जोर दिया था कि किसानों को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए. सिद्धरमैया ने कहा, ”मैं कर्नाटक के लोगों से भाजपा के असली इरादों को समझने का आग्रह करता हूं. हमारी सरकार द्वारा वक्फ संपत्ति के मुद्दों पर किसानों को जारी किए गए नोटिस को तत्काल वापस लेने का आदेश दिए जाने के बाद भी भाजपा नेता अपने विरोध प्रदर्शन पर कायम हैं. उनके इरादे पूरी तरह से राजनीतिक हैं, हमारे किसानों के कल्याण की रक्षा में उनकी कोई दिलचस्पी नहीं है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu