‘अनुपमा’ के सेट पर वर्कर्स एसोसिएशन ने कैमरा सहायक की मौत आरोप लगाया, प्राथमिकी दर्ज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 17 Nov 2024 06:59 PM
‘अनुपमा’ के सेट पर वर्कर्स एसोसिएशन ने कैमरा सहायक की मौत आरोप लगाया, प्राथमिकी दर्ज
ऑडियो सुनें

मुंबई. ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने आरोप लगाया है कि इस सप्ताह की शुरुआत में लोकप्रिय टेलीविजन धारावाहिक ”अनुपमा” के सेट पर एक कैमरा सहायक की बिजली का करंट लगने से मौत होगयी. पुलिस ने लापरवाही के मामले में ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है.

धारावाहिक ”अनुपमा” में अनुपमा का किरदार रूपाली गांगुली ने निभाया है. इस धारावाहिक का निर्माण डायरेक्टर्स कट प्रोडक्शंस के बैनर तले राजन शाही और दीपा शाही द्वारा किया गया है. धारावाहिक का प्रसारण टेलीविजन चैनल स्टार प्लस पर होता है और डिज्नी+ हॉटस्टार पर डिजिटल रूप से प्रसारित होता है.

ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) अध्यक्ष सुरेश गुप्ता के अनुसार, विनीत कुमार मंडल नामक एक कैमरा सहायक की जान इसलिए चली गई क्योंकि यहां धारावाहिक के सेट पर “कोई सुरक्षा उपाय नहीं थे.” जब ‘पीटीआई-भाषा’ ने टिप्पणी के लिए संपर्क किया तो निर्माताओं ने कोई जवाब नहीं दिया.

गुप्ता ने कहा, ”विनीत कुमार मंडल एक कैमरा अटेंडेंट थे, जो धारावाहिक ‘अनुपमा’ के सेट पर ड्यूटी पर थे, 14 नवंबर को रात 9.30 बजे करंट लगने से उनकी मौत हो गई. हमारे श्रमिकों के लिए कोई सुरक्षा उपाय नहीं हैं.” गुप्ता ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में दावा किया कि मंडल की मौत के बावजूद 14 नवंबर को धारावाहिक का निर्माण जारी रहा.

उन्होंने कहा, ”यह दुखद है कि श्रमिकों के साथ ऐसी घटनाएं होती हैं. वे निर्माताओं के खिलाफ प्राथमिकी के भय से इस खबर को बाहर नहीं आने देना चाहते थे.” पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि आरे पुलिस ने लापरवाही के लिए बिजली ठेकेदार के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज की है.

अधिकारी ने कहा, ”चौदह नवंबर को विनीत कुमार मंडल (32) की मौत के बाद, हमने लापरवाही सहित भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत विद्युत ठेकेदार के खिलाफ एक मामला दर्ज किया है. अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और आगे की जांच की जा रही है.” गुप्ता ने कहा कि अगर सेट पर किसी कर्मी की मौत हो जाती है, तो निर्माताओं को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देना पड़ता है. वर्ष 2016 में स्थापित, एआईसीडब्ल्यूए एक ट्रेड यूनियन है जिसमें दिहाड़ी, अभिनेता, स्टंट पर्सन और कोरियोग्राफर शामिल हैं. पूरे भारत में इसके एक लाख से अधिक सदस्य हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu