नयी यात्रा पर निकल पड़ा है भारत, अब विकसित भारत बनाना लक्ष्य : प्रधानमंत्री मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 17 Nov 2024 10:18 PM
नयी यात्रा पर निकल पड़ा है भारत, अब विकसित भारत बनाना लक्ष्य : प्रधानमंत्री मोदी
ऑडियो सुनें

अबुजा. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि आत्मविश्वास से भरा भारत एक नयी यात्रा पर निकल पड़ा है और अब लक्ष्य ‘विकसित भारत’ का निर्माण करना है. उन्होंने पिछले दस वर्षों के दौरान अपनी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं. नाइजीरिया की राजधानी में प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए मोदी ने यह भी कहा कि भारत विकास, शांति, समृद्धि और लोकतंत्र का प्रतीक बनकर दुनिया के लिए एक नयी उम्मीद के रूप में उभरा है.

मोदी ने अपने भाषण की शुरुआत “सन्नू, नाइजीरिया” से की, जिसका मतलब “नमस्ते नाइजीरिया” है. उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री के रूप में नाइजीरिया की उनकी पहली यात्रा है, लेकिन वह अकेले नहीं आए हैं. मोदी ने कहा, ”मैं अपने साथ भारत की मिट्टी की सुगंध और करोड़ों भारतीयों की ओर से आप सभी के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं लेकर आया हूं.” मोदी ने अपनी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत अपनी सुविधाजनक स्थिति से बाहर निकल चुका है और नयी चीजें करते हुए नये रास्ते बना रहा है. उन्होंने कहा कि यही आज के भारत का सार बन गया है.

प्रधानमंत्री ने ‘मोदी-मोदी’ के नारों के बीच कहा, “विश्वास से भरा भारत आज एक नयी यात्रा पर निकल पड़ा है. लक्ष्य स्पष्ट है- कसित भारत का निर्माण करना.” मोदी ने कहा कि भारत में अब 1.5 लाख से अधिक पंजीकृत ‘स्टार्टअप’ हैं. उन्होंने कहा, “पिछले दशक में 100 से अधिक यूनिकॉर्न बनाए गए हैं. एक यूनिकॉर्न का मतलब है 8,000-10,000 करोड़ रुपये की पूंजी वाली कंपनी. 100 से अधिक कंपनियां भारत की स्टार्टअप संस्कृति की सफलता का सबूत हैं.” उन्होंने कहा कि भारत यह उपलब्धि इसलिए हासिल कर पाया, क्योंकि वह अपनी सुविधानजक स्थिति से बाहर आया. प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले दशक में भारत ने अपने सकल घरेलू उत्पाद में दस लाख करोड़ अमेरिकी डॉलर जोड़े हैं.

उन्होंने कहा, “10 वर्षों में भारतीय अर्थव्यवस्था का आकार दोगुना हो गया है. आज भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश है. वह दिन दूर नहीं जब भारत पांच लाख करोड़ अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था वाला और तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन जाएगा.” मोदी ने कहा कि अंतरिक्ष उद्योग में भारत की प्रगति के लिए दुनिया उसकी प्रशंसा कर रही है. उन्होंने कहा कि भारत ने तय किया है कि जल्द ही हमारे अपने गगनयान के जरिये भारतीयों को अंतरिक्ष में भेजा जाएगा.

प्रधानमंत्री ने कहा, “भारत अंतरिक्ष में अपना स्टेशन भी बनाने वाला है. सुविधाजनक स्थिति से बाहर निकलकर नये रास्ते बनाना भारत की आदत बन गया है. पिछले 10 वर्षों में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है.” मोदी तीन देशों की यात्रा के पहले चरण के तहत नाइजीरिया के राष्ट्रपति टिनुबू के निमंत्रण पर नाइजीरिया में हैं. यह यात्रा 17 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की नाइजीरिया की पहली यात्रा है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu