गांव से एस्टोनिया के ताल्लिन का सफर: ‘पायर’ के बुजुर्ग कलाकार फिल्म महोत्सव में हिस्सा लेने पहली बार विदेश रवाना

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 18 Nov 2024 08:32 PM
गांव से एस्टोनिया के ताल्लिन का सफर: ‘पायर’ के बुजुर्ग कलाकार फिल्म महोत्सव में हिस्सा लेने पहली बार विदेश रवाना
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. निर्देशक विनोद कापड़ी की फिल्म ‘पायर’ में मुख्य भूमिका निभाने वाले उत्तराखंड के एक गांव में साधारण जीवन व्यतीत करने वाले उम्र के आठवें दशक में पहुंच चुके दो बुजुर्ग पदम सिंह और हीरा देवी सोमवार को अपनी पहली विदेश यात्रा पर रवाना हुए.

कापड़ी के मुताबिक सिंह और देवी वर्तमान में एस्टोनिया की राजधानी ताल्लिन के लिए रवाना हो चुके हैं, जहां मंगलवार को ‘ताल्लिन ब्लैक नाइट्स फिल्म फेस्टिवल 2024’ में फिल्म का वैश्विक प्रीमियर होगा. उन्होंने बताया कि यह उनकी पहली हवाई यात्रा होने के साथ-साथ पहली विदेश यात्रा भी है. फिल्म ‘पायर’ में हिमालयी जीवन को दर्शाया गया है. इस फिल्म को ताल्लिन फिल्म महोत्सव के 28वें संस्करण में प्रतिस्पर्धा श्रेणी में आधिकारिक रूप से चुना गया है.

हिन्दी भाषा की यह फिल्म हिमालयी क्षेत्र की जिंदगी पर आधारित है जिसमें पदम सिंह (सिंह) और तुलसी (देवी) एक बुजुर्ग दंपति की भूमिका में हैं, जो एक पहाड़ी गांव में एकांत में रहते हैं जबकि बाकी निवासी आजीविका की तलाश में बड़े शहरों में चले गए हैं.
‘पायर’ में स्थानीय निवासी और सेना से सेवानिवृत्त सिंह और पेशे से किसान देवी ने भूमिका निभाई है. दोनों ने पहली बार कैमरे पर अभिनय किया है. वे उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग तहसील के रहने वाले हैं. फिल्म महोत्सव के लिए सिंह और देवी के साथ ताल्लिन रवाना होने की तस्वीर फिल्म निर्माता ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ के अपने आधिकारिक पेज पर साझा की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu