महाराष्ट्र में भीषण बस दुर्घटना में 9 की मौत, कई यात्री गंभीर रूप से घायल…

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 29 Nov 2024 03:38 PM
महाराष्ट्र में भीषण बस दुर्घटना में 9 की मौत, कई यात्री गंभीर रूप से घायल…
ऑडियो सुनें

महाराष्ट्र: गोंदिया जिले में शुक्रवार को दोपहर में एक भीषण सड़क हादसे में बस दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई. यह हादसा गोंदिया-कोहमारा राज्य महामार्ग पर ग्राम खजरी के पास हुआ.

इस हादसे में 9 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और मृतकों की संख्या में बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है. हादसे में कई यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं.

जानकारी के अनुसार, भंडारा से साकोली लखानी होते हुए गोंदिया की ओर जा रही शिवशाही बस के आगे अचानक एक बाइक आ गई. बाइक चालक को बचाने की कोशिश करते हुए बस के ड्राइवर ने तेजी से कट मारा, जिसके चलते बस असंतुलित होकर पलट गई. हादसे के समय बस में 35 से अधिक यात्री सवार थे. इसमें 9 यात्रियों की मौत हो गई है और कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं.

दुर्घटनास्थल पर मौजूद चश्मदीदों के अनुसार, बस का ड्राइवर घटनास्थल से फरार हो गया. राहगीरों ने घटना की जानकारी पुलिस और एंबुलेंस सेवा को दी. इसके बाद, पुलिस और एंबुलेंस विभाग तुरंत मौके पर पहुंचे. घायल यात्रियों को निकालकर गोंदिया के जिला शासकीय केटीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

दुर्घटना के बाद शिवशाही बस को क्रेन की मदद से उठाया जा रहा है. अब तक प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में मारे गए और घायल यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है. पुलिस इस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.

इस घटना पर प्रदेश के कार्यवाहक डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस की प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि गोंदिया जिले में सड़क अर्जुनी के पास एक शिवशाही बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई और कुछ यात्रियों की मृत्यु हो गई. मैं दिवंगतों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं. हम उनके परिवार का दुख साझा करते हैं.”

उन्होंने आगे लिखा, “इस घटना में घायल हुए लोगों का अगर किसी निजी अस्पताल में इलाज कराना भी पड़े तो उन्हें तुरंत ऐसा करने का निर्देश दिया गया है. मैंने गोंदिया के कलेक्टर से भी कहा है कि यदि आवश्यकता हो तो उन्हें नागपुर स्थानांतरित करने की व्यवस्था करें. वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और राहत प्रयासों का समन्वय कर रहे हैं. मैं ईश्वर से इस घटना में घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital