राजस्व सचिव संजय मल्होत्रा होंगे आरबीआई के नये गवर्नर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 09 Dec 2024 07:45 PM
राजस्व सचिव संजय मल्होत्रा होंगे आरबीआई के नये गवर्नर
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. सरकार ने सोमवार को राजस्व सचिव संजय मल्होत्रा को भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) का 26वां गवर्नर नियुक्त किया. मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने मल्होत्रा के नाम को मंजूरी दे दी है. उन्हें 11 दिसंबर से तीन साल के लिए आरबीआई गवर्नर नियुक्त किया गया है.

राजस्थान कैडर के 1990 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी मल्होत्रा, शक्तिकान्त दास की जगह लेंगे. दास का कार्यकाल मंगलवार यानी 10 दिसंबर, 2024 को समाप्त हो रहा है. मल्होत्रा (56) ?आरबीआई के ?26वें गवर्नर होंगे. उन्होंने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), कानपुर से कंप्यूटर विज्ञान में स्नातक तथा अमेरिका के प्रिंसटन विश्वविद्यालय से सार्वजनिक नीति में मास्टर डिग्री हासिल की है.

मल्होत्रा ने 33 साल से अधिक के अपने करियर में बिजली, वित्त और कराधान, सूचना प्रौद्योगिकी और खान सहित विभिन्न क्षेत्रों में काम किया है. वर्तमान में, वह वित्त मंत्रालय में राजस्व सचिव हैं. इससे पहले, वह वित्त मंत्रालय के तहत वित्तीय सेवा विभाग में  सचिव थे. उनके पास राज्य और केंद्र सरकार के स्तर पर वित्त और कराधान के क्षेत्र में व्यापक अनुभव है.

उर्जित पटेल के अचानक गवर्नर पद छोड़ने के बाद दास को 12 दिसंबर, 2018 को आरबीआई का 25वां गवर्नर नियुक्त किया गया था.
तीन साल का कार्यकाल पूरा करने के बाद उन्हें सेवा विस्तार दिया गया था. उनका दूसरा कार्यकाल मंगलवार को समाप्त हो रहा है.
अधिशेष हस्तांतरण के मुद्दे पर आरबीआई और सरकार के बीच खींचतान के बीच पटेल के अचानक इस्तीफे से बाजार पर असर पड़ा था. दास ने आरबीआई गवर्नर का कार्यभार संभालने के बाजार को एक भरोसा दिया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu