योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने चौधरी चरण सिंह को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी

Author: navabharat digital
UPDATED: Mon, 23 Dec 2024 01:06 PM
योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने चौधरी चरण सिंह को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी
ऑडियो सुनें

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री ‘भारत रत्न’ चौधरी चरण सिंह की 122वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। चौधरी चरण सिंह का जन्म 1902 में उत्तर प्रदेश के हापुड़ में हुआ था। उनके जन्मदिन को किसान दिवस के रूप में मनाया जाता है। वह जुलाई 1979 से जनवरी 1980 तक देश के प्रधानमंत्री थे। पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह का निधन 1987 में हुआ। योगी ने सोमवार को यहां ‘किसान सम्मान दिवस’ पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि चौधरी चरण ंिसह का जन्म दिवस उत्तर प्रदेश में 2002 से ‘किसान सम्मान दिवस’ के रूप में मनाया जाता है।

उन्होंने कहा, ‘‘चौधरी साहब कहा करते थे कि किसान गरीब होगा तो भारत अमीर नहीं हो सकता। भारत को समृद्ध बनाने के लिए अन्नदाता किसान को समृद्ध बनाना होगा।’’ योगी ने कहा कि इसी बात को ध्यान में रखकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में ‘डबल इंजन’ सरकार किसानों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने विधानसभा स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उन्होंने कृषक उपहार योजना के अंतर्गत 11 कृषकों को ट्रैक्टर की चाबी दी और उन्हें हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी के बाद किसानों के मुद्दों को लेकर चौधरी चरण सिंह जी का कांग्रेस के साथ मतभेद हुआ था, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने पहली बार किसानों को भारत के राजनीतिक एजेंडे व सरकार की प्राथमिकता बनाने का कार्य किया।

उन्होंने कहा, ‘‘2014 में मोदी ने कहा था कि हमें किसानों की आमदनी को दोगुना करना है। प्रदेश में 1996 से 2017 तक कुल 95 हजार करोड़ रुपये गन्ना किसानों के खाते में गए थे लेकिन 2017 से अब तक दो लाख 61 हजार करोड़ की राशि डीबीटी के माध्यम से भेजी गई है।’’

योगी ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी का जोर लागत को कम करने एवं उत्पादन को बढ़ाने पर जोर है और इसी के माध्यम से किसानों को समृद्ध व खुशहाल किया जा सकता है।’’ उन्होंने किसानों के लिए शुरू की गई योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि ‘डबल इंजन’ सरकार ने साढ़े सात वर्ष में 23 लाख हेक्टेयर भूमि में अतिरिक्त सिंचाई की सुविधा दी और 14 लाख निजी नलकूपों को निशुल्क विद्युत उपलब्ध कराई जा रही है।

इसके पहले योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘गांव, गरीब एवं वंचितों के उत्थान और किसान-कल्याण हेतु आजीवन सर्मिपत रहे पूर्व प्रधानमंत्री ‘भारत रत्न’ चौधरी चरण सिंह जी की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि!’’

योगी ने कहा, ‘‘प्रदेशवासियों एवं अन्नदाता किसानों को ‘किसान दिवस’ की हार्दिक शुभकामनाएं!’’ राज्य के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘किसानों के सशक्तीकरण के प्रतीक, सादगी की प्रतिमूर्ति, भारत रत्न चौधरी चरण सिंह जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन !’’

उन्होंने कहा, ‘‘आपकी नीतियों और नेतृत्व ने भारतीय कृषि को नयी दिशा दी और किसानों को सशक्त बनाया। सभी किसान भाइयों को राष्ट्रीय किसान दिवस की शुभकामनाएं !’’ राज्य के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक्स’ पर किए एक पोस्ट को साझा किया जिसमें कहा गया, ‘‘गरीबों और किसानों के सच्चे हितैषी पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न चौधरी चरण सिंह जी को उनकी जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि।

राष्ट्र के प्रति उनका समर्पण और सेवा भाव हर किसी को प्रेरित करता रहेगा।’’ भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने भी चौधरी चरण सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि देश की खुशहाली का रास्ता गावों और खेतों से होकर गुजरता है।

उन्होंने कहा, ‘‘किसानों के मसीहा, देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं ‘भारत रत्न’ से अलंकृत चौधरी चरण सिंह जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। प्रदेश के सभी अन्नदाता किसान भाइयों को ‘राष्ट्रीय किसान दिवस’ की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital