झारखंड: बलात्कार पीड़िता को परिजनों ने आग के हवाले किया, हालत गंभीर

गिरिडीह. झारखंड में गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र स्थित महुआर में बुधवार रात मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना में दुष्कर्म पीड़िता को उसके जेठ एवं अन्य परिजनों ने ही मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे वह बुरी तरह झुलस गयी.
पुलिस सूत्रों ने बताया है कि बेंगाबाद थाना क्षेत्र के महुआर गांव की एक महिला शौच के लिए बीती रात खेत में गयी थी, जहां सुनील चौधरी नामक व्यक्ति ने उसके साथ बलात्कार किया. उन्होंने बताया कि महिला के शोर मचाने पर उसके परिजन और आस-पड़ोस के लोग इकट्ठा हो गये, जिससे आरोपी दुष्कर्मी मौके से फरार हो गया.

गिरिडीह के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अनिल कुमार सिंह के अनुसार, महिला ने बताया कि खेत से उसे घर लाने के बाद उसके जेठ व परिवार के लोगों ने उसकी मदद करने की बजाय उसके शरीर पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गयी. सिंह ने पीड़िता के हवाले से बताया कि उसका पति मानसिक रूप से कमजोर है, जिसके चलते परिवार में उसका कोई प्रभाव नहीं है और पति की उपस्थिति में ही उसे घरवालों ने जला दिया.

उन्होंने बताया कि महिला को गम्भीर हालत में इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. गिरिडीह एसडीपीओ ने बताया कि महिला से दुष्कर्म के आरोपी सुनील चौधरी को पुलिस ने आज दोपहर गिरफ्तार कर लिया. उन्होंने बताया कि महिला को जलाने वाले उसके परिजन गांव से फरार हैं. सभी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button