रिपोर्ट सार्वजनिक करें जिसके आधार पर यमुना में जहर मिलाने का आरोप लगाया: शाह की केजरीवाल को चुनौती

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 28 Jan 2025 07:38 PM
रिपोर्ट सार्वजनिक करें जिसके आधार पर यमुना में जहर मिलाने का आरोप लगाया: शाह की केजरीवाल को चुनौती
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा सरकार पर यमुना में जहर मिलाने का ‘झूठा’ आरोप लगाया है और साथ ही उन्होंने चुनौती दी कि वह (केजरीवाल) उस रिपोर्ट को सार्वजनिक करें जिसके आधार पर उन्होंने यह आरोप लगाया है. कालाकाजी विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने केजरीवाल को यह चुनौती भी दी कि वह दिल्ली के लोगों को उस जहर का नाम बताएं जिसे यमुना में मिलाने का दावा किया है.

शाह ने उल्लेख किया कि आप प्रमुख ने यह दावा भी किया है कि उन्होंने ‘जहरीले’ यमुना के पानी को दिल्ली में प्रवेश करने से रोककर दिल्ली के लोगों को बचाया. उन्होंने कहा, ”केजरीवाल जी, हार-जीत चुनाव प्रक्रिया का हिस्सा है. अपना चेहरा निर्दोष दिखाते हुए, आपने हरियाणा सरकार पर जहर (यमुना में) मिलाने का आरोप लगाया और दिल्ली के लोगों को डराने की कोशिश की. राजनीति इससे ज्यादा गंदी नहीं हो सकती.” आम आदमी पार्टी (आप) ने सोमवार को हरियाणा में सत्तारूढ. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार पर जानबूझकर यमुना में औद्योगिक कचरा बहाने का आरोप लगाया जबकि केजरीवाल ने आरोप लगाया कि वह नदी में जहर मिलाकर लोगों को मारने का प्रयास कर रही है.

दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) की सीईओ शिल्पा शिंदे ने सोमवार को दिल्ली के मुख्य सचिव धर्मेंद्र को लिखे पत्र में केजरीवाल के आरोपों का खंडन करते हुए इस दावे को तथ्यात्मक रूप से गलत, निराधार और भ्रामक बताया. शाह ने आरोप लगाया कि आप नेता झूठे हैं और जब वादे तोड़ने की बात आती है तो कोई भी केजरीवाल का मुकाबला नहीं कर सकता.

उन्होंने कहा, ”पांच फरवरी दिल्ली के लोगों के लिए इस ‘आप-दा’ से छुटकारा पाने का एक बड़ा अवसर है. भाजपा को वोट दें… रमेश बिधूड़ी को (कालकाजी सीट से) जिताएं. कालकाजी को दिल्ली में नंबर वन बनाया जाएगा. केजरीवाल की सरकार झूठ, फरेब, वादाखिलाफी और भ्रष्टाचार की सरकार है.” शाह ने कहा कि अन्ना हजारे के आंदोलन के दौरान केजरीवाल ने कहा था कि वह राजनीतिक लोग नहीं हैं और राजनीतिक पार्टी नहीं बनाएंगे, लेकिन इन्होंने पार्टी बनाई.

उन्होंने कहा, ”इन्होंने कहा था कि हम कांग्रेस पार्टी का समर्थन नहीं लेंगे, कांग्रेस का समर्थन लिया. इन्होंने कहा था कि हम सुरक्षा, गाड़ी और बंगला नहीं लेंगे, इन्होंने सुरक्षा ली, गाड़ी ली और करोड़ों का शीश महल बनवाया.” उन्होंने कहा, ”केजरीवाल ने कहा था कि हम भ्रष्टाचार नहीं करेंगे, इन्होंने हजारों करोड़ रुपये का शराब घोटाला किया. मंदिर, गुरुद्वारा, स्कूल… सबके सामने शराब की दुकानें खोलीं, जेल गए. जलबोर्ड घोटाला, राशन घोटाला, डीटीसी बस घोटाला, क्लासरूम घोटाला किया और खुद के लिए करोड़ों का शीश महल बनवाया.” दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए पांच फरवरी को मतदान होगा और मतों की गिनती आठ फरवरी को होगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu