बीजापुर: 17 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 13 Mar 2025 08:08 PM
बीजापुर: 17 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
ऑडियो सुनें

बीजापुर. छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में 17 नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण किया है. पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले 17 नक्सलियों में नौ पर कुल 24 लाख रुपये का इनाम था.

उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में डिविजनल कमेटी सदस्य दिनेश मोडियम ऊर्फ बदरू मोड़ियम (36) पर आठ लाख रुपये, उसकी पत्नी एरिया कमेटी सदस्य ज्योति ताती ऊर्फ कला मोड़ियम (32) और एरिया कमेटी सदस्य दुला कारम (32) पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम था. अधिकारियों ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में भीमा कारम (28), शंकर लेकाम (34), सोमा कारम (41), मंगू कड़ती (35), मोती कारम (30) और अरविंद हेमला (22) पर एक-एक लाख रुपये का इनाम था.

उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों में एक डिविजनल कमेटी सदस्य, दो एरिया कमेटी सदस्य, दो मिलिशिया प्लाटून कमांडर, जनताना सरकार का एक अध्यक्ष, दंडकारण्य आदिवासी किसान मजदूर संगठन का एक सदस्य, पार्टी का एक सदस्य, क्रांतिकारी आदिवासी महिला संगठन (केएएमएस) का अध्यक्ष, जनताना सरकार के दो उपाध्यक्ष, एक प्लाटून डिप्टी कमांडर, जनताना सरकार के चार सदस्य और एक जीपीसी सदस्य शामिल हैं.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले के अंदरूनी क्षेत्रों में नवीन सुरक्षा कैम्प की स्थापना के साथ शासन की विकासोन्मुखी कार्य, सड़कों का विस्तार, परिवहन की सुविधा, पानी, बिजली और शासन की अन्य कल्याणकारी योजना ग्रामीणों तक पहुंचने लगी है.

उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों का ग्रामीणों के साथ हो रहे सकारात्मक संवाद, सामुदायिक पुलिसिंग के तहत दी जा रही कल्याकारी योजनाओं की जानकारी और छत्तीसगढ़ शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के व्यापक प्रचार-प्रसार से नक्सलियों का माओवादी संगठन से मोहभंग हो रहा है.

अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों ने संगठन के भीतर बढ़ते आंतरिक मतभेद से तंग आकर तथा समाज की मुख्यधारा से जुड़कर सुरक्षित पारिवारिक जीवन जीनेके लिए आत्मसमर्पण किया है. उन्होंने बताया कि आत्मसमर्पण करने पर नक्सलियों को उत्साहवर्धन के लिए शासन की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत 25-25 हजार रुपये नकद प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई. अधिकारियों ने बताया कि जिले में 2025 में अब तक 65 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया तथा 137 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है. उन्होंने बताया कि जिले में हुई मुठभेड़ों में 56 नक्सली मारे गए हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu