ईडी ने कर्नाटक की अभिनेत्री से जुड़े सोना तस्करी मामले में छापेमारी की

नयी दिल्ली/बेंगलुरु. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित सोना तस्करी गिरोह की ”बड़ी साजिश” से संबद्ध धन शोधन जांच के तहत बृहस्पतिवार को बेंगलुरु और कुछ अन्य स्थानों पर छापेमारी की.. आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी.. कर्नाटक में राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने हाल में सोना तस्करी के मामले में एक अभिनेत्री को गिरफ्तार किया है..

सूत्रों ने बताया कि हाल में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की प्राथमिकी और डीआरआई के एक मामले का संज्ञान लेते हुए धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है.. डीआरआई के मामले में अभिनेत्री रान्या राव को सोना तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है.. उन्होंने बताया कि जांच का उद्देश्य हवाई अड्डों के माध्यम से सोने की तस्करी की बड़ी साजिश और प्रभावशाली व्यक्तियों, सरकारी अधिकारियों एवं ”राजनीतिक व्यक्तियों” सहित विभिन्न लोगों द्वारा अपराध से धन अर्जित करने की पड़ताल करना है.. सूत्रों के अनुसार कर्नाटक में बेंगलुरु सहित कई स्थानों पर छापेमारी की जा रही है..

डीआरआई ने तीन मार्च को दुबई से लौटने के बाद यहां केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अभिनेत्री के पास से 12.56 करोड़ रुपये मूल्य की सोने की छड़ें जब्त की थीं जिसके बाद राव को गिरफ्तार किया गया.. अभिनेत्री वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी रामचंद्र राव की सौतेली बेटी हैं, जो वर्तमान में कर्नाटक राज्य पुलिस आवास और बुनियादी ढांचा विकास निगम लिमिटेड के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक के रूप में कार्यरत हैं.. पुलिस अधिकारी ने अभिनेत्री की कथित अवैध गतिविधियों से किसी भी तरह के संबंध से इनकार किया है..

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button