होटल में गोलीबारी: एक पुलिस कांस्टेबल समेत चार लोग गिरफ्तार

Author: navabharat digital
UPDATED: Tue, 01 Apr 2025 02:02 PM
होटल में गोलीबारी: एक पुलिस कांस्टेबल समेत चार लोग गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

मुजफ्फरनगर: मुजफ्फरनगर के नयी मंडी क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित एक होटल में गोलीबारी के मामले में एक पुलिस कांस्टेबल समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी रूपाली राव ने बताया कि यह घटना 28 मार्च को हुई थी और गिरफ्तारियां सोमवार रात को की गईं।

उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों पुलिस कांस्टेबल निशांत बालियान, शिवम बालियान, विक्रन बालियान और अश्वनी बालियान की पहचान करके उन्हें गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि निशांत लखनऊ के एक थाने में तैनात है।

राव ने बताया कि पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई दो पिस्तौल और एक कार बरामद की है। जिस होटल में वारदात हुई उसके मालिक एवं भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय नेता नीतीश मलिक द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर शराब के नशे में धुत होकर गोलियां चलाईं और खाने को लेकर हुए विवाद के बाद उन्हें और उनके कर्मचारियों को धमकाया। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital