सैफ अली खान पर हमले के करीब तीन महीने बाद पुलिस ने अदालत में आरोपपत्र दायर किया

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 09 Apr 2025 01:34 PM
सैफ अली खान पर हमले के करीब तीन महीने बाद पुलिस ने अदालत में आरोपपत्र दायर किया
ऑडियो सुनें

मुंबई: अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि जनवरी में अभिनेता सैफ अली खान पर उनके घर में एक व्यक्ति द्वारा हमला करने के मामले में पुलिस ने मुंबई की एक अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया है। एक अधिकारी ने विस्तृत जानकारी दिए बिना बताया कि बांद्रा पुलिस द्वारा दाखिल आरोपपत्र में आरोपी बांग्लादेशी नागरिक मोहम्मद शरीफुल इस्लाम के खिलाफ सबूत शामिल हैं।

खान (54) पर 16 जनवरी को बांद्रा इलाके में उनके 12वीं मंजिल पर स्थित अपार्टमेंट में घुस आए एक व्यक्ति ने चाकू से कई बार वार किया था। इसके बाद अभिनेता की एक निजी अस्पताल में आपातकालीन सर्जरी की गई और पांच दिन बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

गत 19 जनवरी को पुलिस ने पड़ोसी ठाणे से शरीफुल इस्लाम (30) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने पिछले सप्ताह यहां एक अदालत को बताया कि हमले के दौरान अभिनेता की रीढ़ के पास लगा चाकू का टुकड़ा और घटनास्थल पर मिला उसका एक हिस्सा आरोपी से बरामद हथियार से मेल खाते हैं।

आरोपी की जमानत याचिका का विरोध करते हुए पुलिस ने कहा कि तीनों टुकड़े अभिनेता पर हमला करने के लिए इस्तेमाल किए गए एक ही हथियार का हिस्सा थे। पुलिस ने यह भी कहा कि अपराध बहुत ‘गंभीर प्रकृति का’ था और आरोपी के खिलाफ ‘पुख्ता सबूत’ उपलब्ध हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital