
गाजियाबाद/शाहजहांपुर. उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में बुधवार को कैंसर से पीड़ित एक प्रॉपर्टी डीलर ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के बाद गोली मार आत्महत्या कर ली. पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि घटना नंदग्राम थानाक्षेत्र के राजनगर एक्सटेंशन की राधाकुंज सोसाइटी में पूर्वाह्न करीब 11 बजे की है.
पुलिस उपायुक्त (ग्रामीण) राजेश कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान कुलदीप त्यागी (61) के रूप में हुई है, जिसने अपनी पत्नी अंशु त्यागी (57) की गोली मारकर हत्या करने के बाद खुद को भी गोली मार ली. उन्होंने बताया कि मौके पर अंशु बिस्तर पर और कुलदीप जमीन पर खून से लथपथ मिले. अधिकारी ने बताया कि मौके से एक सुसाइड नोट प्राप्त हुआ है, जिसमें लिखा था कि कैंसर से पीड़ित होने की वजह से कुलदीप ने परिवार पर बोझ बनने के बजाय अपना जीवन खत्म करने का विकल्प चुना.
नोट में लिखा था, “मैं कैंसर से पीड़ित हूं और मेरे परिवार को इस बारे में पता नहीं है. मैं अपने इलाज पर पैसा बर्बाद नहीं करना चाहता क्योंकि बचना अनिश्चित है. मैं अपनी पत्नी को अपने साथ ले जा रहा हूं क्योंकि हम हमेशा साथ रहे हैं. यह मेरा खुद का फैसला है और इसके लिए कोई और खासकर मेरे बच्चे जिम्मेदार नहीं हैं.” अधिकारी ने बताया कि घटना के समय दंपति के दो बेटे प्रथम तल पर थे और गोली की आवाज सुनकर नीचे भागे. उन्होंने बताया कि कुलदीप और अंशु को मरियम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
भीख मांगकर कैंसर पीड़ित महिला की मदद का उठाया बीड़ा
उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में समाजसेवी सलमान ने कैंसर से पीड़ित महिला के इलाज के लिए भीख मांगकर मदद करने का बीड़ा उठाया. शाहजहांपुर के रोशनगंज मोहल्ले में रहने वाले संजीव कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उनकी पत्नी को गले का कैंसर है और पिछले आठ महीने से लगातार वह इलाज करा रहे हैं लेकिन इलाज में बेटी की शादी के लिए इकट्ठा की गई करीब छह लाख रुपये की जमापूंजी खत्म हो गई.
उन्होंने बताया कि अब उनके पास कुछ भी नहीं बचा और प्रतिदिन 700 रुपये इलाज में खर्च हो रहे हैं तथा उनके पास आयुष्मान कार्ड भी नहीं है. कुमार ने बताया कि वह जिलाधिकारी सहित कई अधिकारियों से मिले लेकिन किसी ने भी उनकी मदद नहीं की.
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी ने किसी प्रकार का फंड नहीं होने का हवाला देते हुए मदद से इनकार कर दिया.
समाजसेवी सलमान को जब इसकी जानकारी हुई तो वह कैंसर पीड़ित महिला के पति संजीव से मिले और उन्होंने मदद करने की हामी भरी. सलमान ने इसके बाद बुधवार को वह अपनी पीठ पर पोस्टर लगाकर भीख मांगने निकल पड़े. सलमान ने बताया कि बड़ी मुश्किल से उन्हें भीख में 1200 रुपये मिल सके, जिसे उन्होंने कैंसर पीड़िता को सौंप दिये. उन्होंने बताया कि यह क्रम अभी जारी रहेगा.



