बेंगलुरु. कर्नाटक के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ओम प्रकाश रविवार को रहस्यमय परिस्थितियों में बेंगलुरु स्थित अपने आवास में मृत पाए गए. पुलिस ने यह जानकारी दी. शव पर चोटों के निशान हैं, जिससे संदेह है कि उनकी हत्या की गई होगी. पुलिस ने बताया कि प्रकाश की पत्नी पल्लवी ने घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे. शव एचएसआर लेआउट में स्थित उनके तीन मंजिला आवास के भूतल पर खून से लथपथ मिला. पुलिस ने घटना के संबंध में प्रकाश की पत्नी और बेटी से पूछताछ शुरू कर दी है.
खबरों में कहा गया है कि सेवानिवृत्त डीजीपी ने पहले भी अपने कुछ करीबी सहयोगियों से अपनी जान को खतरा होने की बात कही थी.
पुलिस को घटना में परिवार के किसी करीबी सदस्य के शामिल होने का संदेह है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और जांच जारी है. 1981 बैच के 68 वर्षीय आईपीएस अधिकारी बिहार के चंपारण के मूल निवासी थे और उन्होंने भूविज्ञान में स्नातकोत्तर की पढ़ाई की थी. प्रकाश को 1 मार्च 2015 को कर्नाटक का पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया था.