बेंगलुरु. कर्नाटक के बेंगलुरु में सोमवार सुबह कन्नड़ भाषा बोलने वाले कुछ लोगों द्वारा भारतीय वायुसेना के एक अधिकारी पर कथित तौर पर हमला करने और उनके साथ गाली-गलौज करने के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने बाइक से 40 वर्षीय अधिकारी का पीछा भी किया था. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान विकास कुमार के रूप में हुई है. वह एक सॉफ्टवेयर कंपनी के कॉल सेंटर में टीम प्रमुख के रूप में काम करता है.
पुलिस के अनुसार, यह घटना उस दौरान हुई जब अधिकारी अपनी पत्नी के साथ हवाई अड्डे जा रहे थे. उनकी पत्नी भी वायु सेना में अधिकारी हैं. पुलिस ने बताया कि अधिकारी की पत्नी एवं ‘स्क्वाड्रन लीडर’ मधुमिता दत्ता की शिकायत के आधार पर बयप्पनहल्ली पुलिस थाने में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) देवराज डी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”यह रोड रेज का मामला है. उनके बीच विवाद हुआ, जिसमें दोनों ने एक-दूसरे पर हमला किया. आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है. आज सुबह करीब छह बजे वायुसेना अधिकारी अपने डीआरडीओ क्वार्टर से केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की ओर जा रहे थे. उनकी पत्नी गाड़ी चला रही थीं और वह उनके बराबर में बैठे थे. दंपति और एक बाइक सवार के बीच झगड़ा हो गया.” उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज और वहां मौजूद लोगों द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो के विश्लेषण से पता चला कि दोनों पक्ष झगड़ा करने से बच सकते थे.
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) देवराज डी ने कहा, ”जब वह पुलिस थाने आए तो थाना प्रभारी ने उन्हें सलाह दी कि पहले वह इलाज कराएं क्योंकि उनके शरीर से खून बह रहा था. इसके बाद प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए वापस आएं. लेकिन उन्हें देरी हो रही थी, इसलिए वह हवाई अड्डे के लिए निकल गए. जब वह सोशल मीडिया पर लाइव हुए तो हमें पता चला. फिर हमने मधुमिता के बारे में जानकारी हासिल की और डीआरडीओ क्वार्टर से संपर्क किया. वह थाने आईं और शिकायत दर्ज कराई. हमने गंभीर चोट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है.” डे के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने दावा किया कि वह उस समय वहां से गुजर रहा था तभी महिला (अधिकारी की पत्नी) ने कथित तौर पर कुछ कहा. इसके बाद आरोपी ने, ”आप क्या कह रही हैं?” उसने फिर अधिकारी के पास जाकर पूछा, ”मैडम क्या कह रही हैं?” आरोपी के अनुसार, इसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई.
पुलिस उपायुक्त ने कहा, ”हमारे पास बहुत सारे वीडियो सबूत हैं और हम जांच को आगे बढ.ाएंगे.” वायु सेना के विंग कमांडर शिलादित्य बोस ने आरोप लगाया कि दोपहिया वाहन पर उनका पीछा कर रहे कुछ लोगों ने उन (अधिकारी) पर हमला किया और उनके साथ गाली-गलौज भी की. शिलादित्य बोस ने सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम’ पर इस घटना का वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने घटनाक्रम का विवरण दिया और अपने चेहरे एवं गर्दन पर लगी चोट के निशान दिखाए. उनके चेहरे एवं गर्दन से खून बहता हुआ नजर आ रहा था.
उन्होंने वीडियो में आरोप लगाया, ”हम डीआरडीओ, सीवी रमन नगर फेज-1 में रहते हैं. आज सुबह मेरी पत्नी मुझे हवाई अड्डे छोड़ने जा रही थी तभी पीछे से एक बाइक सवार आया और उसने हमारे वाहन को रोका. मैं डैश कैम फुटेज भी साझा करूंगा. बाइक पर सवार एक व्यक्ति ने मुझे कन्नड़ भाषा में गाली देना शुरू कर दिया. उसने मेरी कार पर डीआरडीओ का स्टिकर देखने के बाद कहा कि ”तुम डीआरडीओ के लोग हो.” इसके बाद उसने कन्नड़ में और गालियां दीं. इसके बाद उसने मेरी पत्नी को भी गालियां दीं. मैं इसे बर्दाश्त नहीं कर सका.”
बोस ने बताया, ”जब मैं कार से बाहर निकला तो उसने तुरंत अपनी चाबी से मेरे माथे पर प्रहार किया. मैं वहीं खड़ा होकर चिल्लाने लगा और मैंने उससे पूछा कि क्या लोग सेना या सुरक्षाबलों के किसी व्यक्ति के साथ ऐसा ही व्यवहार करते हैं. इसके बाद वहां और भी लोग इकट्ठा हो गए तथा वे भी हमें गाली देने लगे.” उन्होंने बताया, ”उस व्यक्ति ने पत्थर उठाकर मेरी कार को नुकसान पहुंचाने की भी कोशिश की. जब मैंने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने मुझे फिर से मारा. आप मेरे चेहरे और गर्दन पर खून देख सकते हैं. यही हुआ. शुक्र है कि मेरी पत्नी मुझे बचाने के लिए वहां मौजूद थी.” बोस ने दावा किया कि वे पुलिस थाने भी गए लेकिन उन्हें तत्काल मदद नहीं मिली.
उन्होंने वीडियो में आरोप लगाया, ”कर्नाटक की हालत ऐसी ही हो गई है. मुझे इस राज्य पर भरोसा था, लेकिन आज की घटना के बाद मैं सदमे में हूं. भगवान हमारी मदद करें. भगवान मुझे जवाबी कार्रवाई न करने की शक्ति दें. लेकिन अगर कानून-व्यवस्था विफल हो जाती है तो मैं जवाबी कार्रवाई करूंगा.” अभी तक आधिकारिक तौर पर इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि यह घटना कहां हुई थी, हालांकि अधिकारी ने बताया कि सी.वी. रमन नगर से हवाई अड्डे जाने वाले मार्ग पर यह घटना हुई. बोस ने बाद में एक और वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने बताया कि वह अपने बीमार पिता से मिलने के लिए कोलकाता जा रहे थे. उन्होंने इस हमले को एक ”चौंकाने वाली” घटना करार दिया, जिसने उन्हें और उनके परिवार को झकझोर कर रख दिया है.