‘आजा वे’ के समय जैसा लड़का था, आज भी वैसा ही हूं: राजकुमार राव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 08 May 2025 09:37 PM
‘आजा वे’ के समय जैसा लड़का था, आज भी वैसा ही हूं: राजकुमार राव
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राजकुमार राव के जेहन में एफटीआईआई का प्रथम वर्ष का छात्र रहते हुए गायक सोना महापात्रा के “आजा वे” संगीत वीडियो में काम करने की यादें आज भी ताजा हैं. हालांकि वह एक बहुमुखी प्रतिभा वाले अभिनेता के रूप में अपनी पहचान बना चुके हैं, लेकिन उनका कहना है कि वह अब भी उसी लड़के की तरह हैं जो पहली बार उस संगीत वीडियो के जरिये कैमरे के सामने आने को लेकर रोमांचित था.

यह गीत 2006 में महापात्रा की एल्बम “सोना” के एक भाग के रूप में जारी किया गया था, जिसमें राव गांव के एक सख्त स्कूल शिक्षक की भूमिका में नजर आए थे. हालांकि इस एल्बम में बाद में वह छात्रों और गांव के साथियों के साथ डांस करते हुए भी नजर आए थे.
राव (40) ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा, “मैं अब भी वही लड़का हूं जो ‘आजा वे’ गाने में था…मैं उसमें एक स्कूल शिक्षक था. वह स्कूली शिक्षक की भूमिका थी, लेकिन मैंने सोचा कि कुछ अलग करते हैं.” वीडियो में अकेले वह नहीं हैं. पुणे के फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (एफटीआईआई) में राव के सहपाठी रहे विजय वर्मा और जयदीप अहलावत भी क्रमश? नाई और साधु की भूमिका में दिखाई दे रहे हैं.

राव ने कहा, “इसमें मेरे लगभग सभी सहपाठी हैं. जयदीप और विजय भी हैं. बहुत सारे लोग हैं. पूरी क्लास वहां थी क्योंकि हमारी एक सीनियर दीप्ति वीडियो शूट कर रही थीं.” अभिनेता ने कहा, “उसने कहा, ‘दोस्तों, हम यह वीडियो बना रहे हैं. क्या आप इसमें अभिनय करना चाहते हैं?’ हम सभी उत्साहित हो गए क्योंकि हम तो प्रथम वर्ष के छात्र थे. हमने कहा, ‘हां, जरूर.” अभिनेता ने कहा कि अपने सहपाठियों के साथ काम करना बेहद मजेदार था.

उन्होंने कहा, “क्लास में हम 20 लोग थे और अपने सहपाठियों के साथ शूटिंग करना बहुत मजेदार था.” एफटीआईआई से स्नातक करने के बाद, राव को 2010 में दिबाकर बनर्जी की फिल्म “लव सेक्स और धोखा” से फिल्मों में मौका मिला, इसके बाद उन्होंने “रागिनी एमएमएस”, “शैतान”, “गैंग्स ऑफ वासेपुर” और “तलाश” जैसी फिल्मों में काम किया. हंसल मेहता की 2012 में आई फिल्म “शाहिद” से अंतत? लोगों का ध्यान उनकी ओर गया और उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार भी मिला. तब से, अभिनेता ने “अलीगढ़”, “बरेली की बर्फी”, “ट्रैप्ड”, “न्यूटन”, “बधाई दो”, और “स्त्री” जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय किया.

एक कलाकार के रूप में अपनी प्रगति के बारे में बात करते हुए राव ने कहा कि वह स्वाभाविक रूप से एक कलाकार के रूप में बेहतर हुए हैं. उन्होंने कहा, “मैं निश्चित रूप से परिपक्व हो गया हूं. उम्र के साथ एक निश्चित परिपक्वता आती है और आपके पास कई सालों का अनुभव होता है. एक व्यक्ति के रूप में, कुछ भी नहीं बदला है. मैं भौतिक चीजों को नहीं गिन रहा हूं क्योंकि वे मायने नहीं रखतीं.” अभिनेता की अगली फिल्म रोमांटिक-कॉमेडी “भूल चूक माफ.” है, जिसमें उनके साथ वामिका गाबी भी हैं. वाराणसी की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म में राव ने रंजन की भूमिका निभाई है, जो अपनी प्रेमिका तितली (गाबी) के साथ शादी के दिन का बेसब्री से इंतजार कर रहा है. अभिनेता ने कहा कि अगर उन्हें कोई फिल्म देखनी हो, तो वह कुछ हल्की-फुल्की और हास्यपूर्ण फिल्म देखना पसंद करते हैं.

उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि ‘जाने भी दो यारो’ वह एक फिल्म हो सकती है.” यह पूछे जाने पर कि क्या वह मानते हैं कि अभिनय में एक दृश्य के लिए कई बार टेक देना उलझन भरा होता है, तो राव ने कहा कि उनका प्रयास हर शॉट के साथ कुछ नया करने का होता है.
उन्होंने कहा “पहली बात, हम ऐसे लोग नहीं हैं जो 30 रीटेक लेते हैं. हमने ऐसे निर्माताओं के साथ भी काम नहीं किया है जो एक ही दृश्य को 30 बार में कराते हों. कभी-कभी तो दो-तीन रीटेक भी लेने पड़ते हैं. लेकिन फिर भी, मेरी प्रक्रिया यह है कि मैं अपने दूसरे या तीसरे टेक में कुछ अलग कर सकता हूं, शायद कुछ नया करने की कोशिश कर सकता हूं. मैं इसे एक ही तरह से करने की कोशिश नहीं करता.” करण शर्मा द्वारा निर्देशित और दिनेश विजान की मैडॉक फिल्म्स द्वारा निर्मित राव की फिल्म “भूल चूक माफ” शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज होनी थी. निर्माताओं के अनुसार, “हाल की घटनाओं और पूरे देश में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था” के मद्देनजर अब यह फिल्म 16 मई को सीधे स्ट्रीमिंग प्लेटफार्म प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी.

‘भूल चूक माफ’ अब थियेटर में नहीं, 16 मई को सीधे प्राइम वीडियो पर होगी रिलीज

मैडॉक फिल्म्स ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि राजकुमार राव और वामिका गब्बी की नयी फिल्म ‘भूल चूक माफ’ शुक्रवार को बड़े पर्दे (थियेटर) पर रिलीज नहीं होगी. हाल की घटनाओं और देशभर में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज.र, यह फिल्म अब 16 मई को प्राइम वीडियो पर रिलीज की जाएगी.

फिल्म निर्माण कंपनी ने एक बयान में कहा, “हाल की घटनाओं और राष्ट्रव्यापी सुरक्षा अभ्यासों को देखते हुए, मैडॉक फिल्म्स और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज ने फैसला किया है कि पारिवारिक मनोरंजन फिल्म ‘भूल चूक माफ’ अब सीधे आपके घरों तक पहुंचेगी. यह फिल्म 16 मई को प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी.” यह घोषणा भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा मंगलवार देर रात ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर मिसाइल हमले को अंजाम देने के एक दिन बाद की गई.

यह हमला पहलगाम में हुए बर्बर आतंकवादी हमले के जवाब में किया गया था जिसमें 26 लोगों की जान गई थी. बयान में आगे कहा गया, “हम इस फिल्म को सिनेमाघरों में आपके साथ मिलकर देखने के लिए उत्साहित थे, लेकिन राष्ट्र सर्वोपरि है. जय हिंद!” फिल्म का निर्देशन और पटकथा लेखन करण शर्मा ने किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu