असम: पाकिस्तान का ‘बचाव’ करने के लिए विधायक को हिरासत में लिया गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 15 May 2025 09:14 PM
असम: पाकिस्तान का ‘बचाव’ करने के लिए विधायक को हिरासत में लिया गया
ऑडियो सुनें

नगांव. पहलगाम आतंकवादी हमले में पाकिस्तान और उसकी भूमिका का बचाव करने के आरोप में असम के नगांव में विपक्षी दल एआईयूडीएफ के विधायक अमीनुल इस्लाम को राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत हिरासत में लिया गया है. अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. तीन बार विधायक रहे इस्लाम को कथित तौर पर सार्वजनिक रूप से भ्रामक और भड़काऊ भाषण देने के लिए 24 अप्रैल को राजद्रोह के आरोप में गिरफ्तार किया गया था.

नगांव के पुलिस अधीक्षक स्वप्निल डेका ने बताया कि इस्लाम को बुधवार को जमानत पर रिहा कर दिया गया था, लेकिन उन्हें तत्काल उन्हीं आरोपों के तहत नगांव केंद्रीय जेल से एनएसए के तहत हिरासत में ले लिया गया और उसी स्थान पर रखा गया.
पुलिस अधिकारी ने विस्तृत जानकारी देने से इनकार करते हुए कहा कि मामले की जांच की जा रही है.

इस घटनाक्रम पर टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा, “नगांव के उपायुक्त और जिला मजिस्ट्रेट ने ढिंग क्षेत्र से विधायक श्री अमीनुल इस्लाम को राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम, 1980 की धारा 3(2) के तहत ऐहतियातन हिरासत में रखा है.” उन्होंने कहा, “यह निर्णय नगांव के पुलिस अधीक्षक की एक रिपोर्ट के बाद लिया गया है. रिपोर्ट में पंचायत चुनाव प्रचार के दौरान विधायक के भड़काऊ सार्वजनिक भाषण और एक वीडियो के प्रसार पर प्रकाश डाला गया है, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर पहलगाम आतंकवादी हमले को सरकारी साजिश से जोड़ते हुए निराधार और भड़काऊ दावे किए थे.” पुलिस के एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रासुका डोजियर में विधायक के खिलाफ दर्ज 23 पुराने मामलों का उल्लेख है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu