पुणे में ‘ड्रग पार्टी’ में छापेमारी के बाद मादक पदार्थ जब्त; खडसे के दामाद समेत सात लोग गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 27 Jul 2025 08:38 PM
पुणे में ‘ड्रग पार्टी’ में छापेमारी के बाद मादक पदार्थ जब्त; खडसे के दामाद समेत सात लोग गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

पुणे. पुणे पुलिस ने रविवार की तड़के एक अपार्टमेंट में आयोजित की जा रही ‘ड्रग पार्टी’ में छापा मारकर मादक पदार्थ, हुक्का एवं शराब जब्त की तथा सात व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किये गये लोगों में महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे की बेटी रोहिणी खडसे के पति प्रांजल खेवलकर भी शामिल हैं.

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के नेता एकनाथ खडसे ने कहा कि इस बात का पता लगाया जाना चाहिए कि कहीं पुलिस कार्रवाई के पीछे कोई राजनीतिक उद्देश्य तो नहीं है. रोहिणी खडसे विपक्षी राकांपा (एसपी) की महिला शाखा की प्रदेश अध्यक्ष हैं. इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस की अपराध शाखा ने ‘रेव’ पार्टी के बारे में मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर पुणे के खराडी इलाके में स्थित एक स्टूडियो अपार्टमेंट में छापा मारा.

पुलिस उपायुक्त (अपराध) निखिल पिंगले ने यहां संवाददाता सम्मेलन में बताया कि रविवार तड़के लगभग साढ़े तीन बजे छापेमारी की गई और स्टूडियो अपार्टमेंट में एक ”ड्रग पार्टी” का भंडाफोड़ किया गया. उन्होंने बताया कि छापेमारी और उसके बाद की तलाशी के दौरान पुलिस ने 2.7 ग्राम कोकीन जैसा पदार्थ, 70 ग्राम गांजा जैसा पदार्थ, एक हुक्का, विभिन्न हुक्का फ्लेवर, शराब और बीयर की बोतल जब्त कीं.

उन्होंने कहा, ”हमने सात व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान प्रांजल खेवलकर, निखिल पोपटानी, समीर सैयद, श्रीपद यादव, सचिन भोमबे, ईशा सिंह और प्राची शर्मा के रूप में हुई है, जिन्हें स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है.” अधिकारी ने बताया कि सभी आरोपियों को चिकित्सा जांच के लिए भेजा गया है और उनकी रिपोर्ट का इंतजार है.

छापेमारी पर प्रतिक्रिया देते हुए एकनाथ खडसे ने कहा कि इस बात की जांच होनी चाहिए कि क्या पुलिस कार्रवाई के पीछे कोई राजनीतिक मकसद था. शिवसेना (उबाठा) की उपनेता सुषमा अंधारे ने कहा कि यह छापेमारी सरकार के खिलाफ बोलने वालों के लिए एक संदेश है.

पुणे ‘ड्रग पार्टी’ छापेमारी: सात आरोपियों को 29 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजा गया

महाराष्ट्र के पुणे शहर में रविवार तड़के एक ”ड्रग पार्टी” में छापेमारी के बाद गिरफ्तार किये गये सात लोगों को यहां की एक अदालत ने 29 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया. पुलिस ने बताया कि महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे की बेटी रोहिणी खडसे के पति प्रांजल खेवलकर भी पार्टी से गिरफ्तार किए गए लोगों में शामिल हैं. पार्टी में नशीले पदार्थ, हुक्का और शराब जब्त की गई.

एक अधिकारी ने बताया कि रविवार तड़के लगभग साढ़े तीन बजे पुलिस की अपराध शाखा ने छापेमारी की और स्टूडियो अपार्टमेंट में एक ”ड्रग पार्टी” का भंडाफोड़ किया. आरोपियों की हिरासत का अनुरोध करते हुए अभियोजन पक्ष ने अदालत को बताया कि छापेमारी में कोकीन और गांजा जैसे मादक पदार्थ जब्त किए गए. अभियोजन पक्ष ने कहा कि प्रतिबंधित सामग्री के स्रोत और आपूर्ति का विवरण जानने के लिए आरोपियों की हिरासत की आवश्यकता है. अदालत ने यह भी बताया कि गिरफ्तार किए गए सात लोगों में से दो का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड है.

अभियोजन पक्ष ने कहा कि आरोपियों ने 25 जुलाई से 27 जुलाई के बीच की अवधि के लिए एक आतिथ्य फर्म के माध्यम से उक्त अपार्टमेंट में तीन कमरे बुक किए थे और पुलिस को इसके बारे में पूछताछ करने की आवश्यकता है. प्रांजल खेवलकर का प्रतिनिधित्व कर रहे अधिवक्ता विजय थोम्ब्रे ने अपने मुवक्किल के खिलाफ लगाए गए आरोपों का खंडन किया और दावा किया कि उन्हें फंसाया गया है. वकील ने कहा कि मौजूदा मामला उनके मुवक्किल को फंसाने का जानबूझकर किया गया प्रयास प्रतीत होता है. थोम्ब्रे ने अदालत को बताया कि खेवलकर नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करते और राजनीतिक दुर्भावना का शिकार हैं. दोनों पक्षों को सुनने के बाद न्यायाधीश ने सभी सात आरोपियों को 29 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu