आश्रय गृह में HIV संक्रमित लड़की से बलात्कार, मुख्य आरोपी एक दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 27 Jul 2025 09:14 PM
आश्रय गृह में HIV संक्रमित लड़की से बलात्कार, मुख्य आरोपी एक दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया
ऑडियो सुनें

लातूर/मुंबई. महाराष्ट्र के लातूर शहर की सत्र अदालत ने आश्रय गृह में एचआईवी संक्रमित नाबालिग लड़की से कथित बलात्कार के मुख्य आरोपी को रविवार को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया. पुलिस के अनुसार, आरोपी अमित अंकुश वाघमारे को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया. मामले में अब तक आश्रय गृह के संस्थापक समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है.

लातूर जिले के एक बाल आश्रय गृह में लड़की के साथ कथित तौर पर दो साल तक बलात्कार किया गया और उसे गर्भपात के लिए  मजबूर किया गया. लड़की द्वारा उसके गृह जिले धाराशिव के ढोकी थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, ये घटनाएं 13 जुलाई 2023 से इस साल 23 जुलाई के बीच यहां हासेगांव स्थित एचआईवी संक्रमित बच्चों के आश्रय गृह सेवालय में हुईं. पुलिस के अनुसार, आश्रय गृह के एक कर्मचारी ने लड़की के साथ कथित तौर पर चार बार बलात्कार किया.

आश्रय गृह प्रबंधन ने उसकी कोई मदद नहीं की और यहां तक कि अधिकारियों के लिए उसके द्वारा लिखा गया पत्र भी फाड़ दिया गया.
पुलिस ने पहले बताया था कि जब वह बीमार पड़ी तो उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां जांच में पता चला कि वह चार महीने की गर्भवती है, जिसके बाद आरोपी ने उसकी सहमति के बिना एक डॉक्टर से गर्भपात करवा दिया.

सेवालय के संस्थापक रवि बापटले, इसकी अधीक्षक रचना बापटले, कर्मचारी रानी वाघमारे और पूजा वाघमारे को शुक्रवार को मामले में गिरफ्तार किया गया और शनिवार को सत्र अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें 28 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया.
अधिकारी ने बताया कि अमित वाघमारे को रविवार को सत्र न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया.

उन्होंने बताया कि चूंकि सभी पांचों आरोपियों की पुलिस हिरासत सोमवार (28 जुलाई) को समाप्त हो रही है, इसलिए उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा. इस बीच, पुलिस ने बताया कि उस अस्पताल के संबंध में जांच की जा रही है जहां नाबालिग को कथित तौर पर गर्भपात कराने के लिए मजबूर किया गया था.

लोनावाला में महिला का अपहरण करके चलती कार में बलात्कार, सड़क पर फेंका, एक आरोपी हिरासत में
महाराष्ट्र में पुणे जिले के लोनावाला पहाड़ी कस्बे में 23 वर्षीय एक महिला का कथित तौर पर अपहरण करके उससे चलती कार में बलात्कार किया गया और फिर उसे सड़क किनारे फेंक दिया गया. पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी. एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को मुंबई से करीब 80 किलोमीटर दूर स्थित लोनावला के मावल इलाके के तुंगरली में हुई जो एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है.

उन्होंने बताया कि पुलिस ने घटना के सिलसिले में तुंगरली निवासी 35 वर्षीय एक व्यक्ति को पकड़ा है. महिला की शिकायत के अनुसार, वह उसी इलाके में रहती है और शुक्रवार रात को घर जा रही थी. अधिकारी ने बताया कि एक कार उसके पास रुकी और एक आदमी ने उसे जबरन अंदर खींच लिया. इसके बाद आरोपी उसे एक सुनसान जगह पर ले गया जहां चलती कार में उससे कथित तौर पर बलात्कार किया गया.

उन्होंने बताया कि पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे तुंगरली में विभिन्न स्थानों पर ले जाया गया और बार-बार यौन हमला करने के बाद उसे शनिवार तड़के सड़क किनारे फेंक दिया गया. उन्होंने बताया कि इसके बाद महिला ने लोनावाला सिटी पुलिस थाने में जाकर उस व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(एम) (बलात्कार) और 138 (अपहरण) के तहत मामला दर्ज किया गया और आरोपी को पकड़ लिया गया. उन्होंने कहा कि पीड़िता के दावों की पुष्टि की जा रही है.

अधिकारी ने बताया कि महिला ने शुरू में दावा किया था कि तीन अज्ञात लोगों ने उसे जबरन कार में ले जाकर उसके साथ बलात्कार किया, लेकिन जांच के दौरान पता चला कि कार में केवल एक ही व्यक्ति था. उन्होंने बताया कि जांच से यह भी पता चला है कि आरोपी महिला को जानता था. पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu