रोहित शर्मा के कवर के तौर पर इंग्लैंड में भारतीय टेस्ट टीम से जुड़ेंगे मयंक

नयी दिल्ली. सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल को कप्तान रोहित शर्मा के कवर के तौर पर इंग्लैंड के खिलाफ एडबस्टन टेस्ट के लिये भारतीय टीम में शामिल किया गया है . कोरोना पॉजिटिव पाये जाने के कारण रोहित का इस टेस्ट में खेलना संदिग्ध है. लीसेस्टरशर के खिलाफ ड्रॉ रहे अभ्यास मैच में रोहित पहले दिन खेले थे लेकिन उसके बाद से पृथकवास पर हैं. रैपिड एंटीजेन टेस्ट में उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी .

मयंक को एक जुलाई से शुरू हो रहे टेस्ट में 15 सदस्यीय टीम में जगह नहीं मिली थी . दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ श्रृंखला से पहले केएल राहुल के चोटिल होने और अब रोहित के कोरोना संक्रमित होने के कारण उन्हें मौका मिला है. बीसीसीआई से जारी बयान के मुताबिक, ‘‘ अखिल भारतीय सीनियर चयन समिति ने कप्तान रोहित शर्मा के कवर के रूप में पांचवें टेस्ट के लिए मयंक अग्रवाल को भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया है. रोहित को कोविड-19 जांच में पॉजिटिव पाया गया था. मयंक इंग्लैंड के लिए रवाना हो गए हैं और र्बिमंघम में टीम के साथ जुड़ेंगे.’’

बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा ,‘‘ मयंक आज रोहित के कवर के तौर पर रवाना हो रहे हैं और जरूरत पड़ने पर टेस्ट मैच के लिये उपलब्ध रहेंगे . ब्रिटेन के कोविड प्रोटोकॉल के अनुसार आरटी पीसीआर टेस्ट नेगेटिव आने पर पृथकवास में रहने की जरूरत नहीं है .’’ पांचवां टेस्ट पिछले साल अधूरी रह गई श्रृंखला का निर्णायक टेस्ट भी है . भारतीय खेमे में कोरोना संक्रमण के मामले आने के कारण पांचवां टेस्ट स्थगित कर दिया गया था. भारत श्रृंखला में 2 . 1 से आगे है. मयंक ने अभी तक 21 टेस्ट में 41 . 33 की औसत से 1488 रन बनाये हैं . उन्होंने आखिरी बार मार्च में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट खेला था.

भारतीय टीम:
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, हनुमा विहारी, चेतेश्वर पुजारा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), केएस भरत (विकेटकीपर), रंिवद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, शारदुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव, प्रसिद्ध कृष्ण, मयंक अग्रवाल.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button